अंबाला में गोवर्धन पूजा की अनोखी परंपरा, हजारों लीटर दूध बांटकर मनाते हैं त्योहार, जानिए क्या है मान्यता?

On: November 10, 2026 2:48 AM
Follow Us:

अंबाला: देशभर में गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीला की याद में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है. दरअसल मान्यता है कि जब देवराज इंद्र ने गोकुलवासियों पर भारी बारिश का प्रकोप बरसाया था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी गोकुलवासियों और गायों को सुरक्षित रखा था, तभी से गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व माना जाता है.

अंबाला में यादव समाज (ग्वाल वंश समाज) इस पर्व को एक खास और अनूठे अंदाज में मनाता है. बता दें कि यहां सैकड़ों साल पुरानी परंपरा के तहत गोवर्धन पूजा के बाद हजारों लीटर दूध लोगों को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है. गोवर्धन पूजा वाले दिन ग्वाल वंश समाज के लोग सुबह जल्दी उठकर पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं, सबसे पहले गाय के शुद्ध गोबर से गोवर्धन भगवान की आकृति तैयार की जाती है.

विधि-विधान से पूजा-अर्चना
इसके बाद इस आकृति को फूलों से सजाया जाता है और आसपास सुंदर रंगोली बनाई जाती है और पूजा स्थल पर गौ माता और भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां भी स्थापित की जाती हैं. इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है, इसमें रोली, चावल, फूल, जल, दूध, बताशे, पान और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाती है. वहीं दूध से तैयार खीर और चावल का प्रसाद भी भगवान गोवर्धन को चढ़ाया जाता है. परिवार और समाज के लोग एकत्रित होकर भगवान के सामने माथा टेकते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं.

ग्वाल वंश समाज में गोवर्धन पूजा
अंबाला छावनी ग्वाल वंश समाज के प्रधान करन यादव ने बताया कि अंबाला के ग्वाल वंश समाज में गोवर्धन पूजा के अवसर पर दूध बांटने की परंपरा सबसे खास मानी जाती है. समाज के लोग दीपावली की शाम और गोवर्धन पूजा की सुबह गौ माता का दूध एकत्रित करते हैं. इसके बाद पूजा-अर्चना संपन्न होने पर इस दूध को प्रसाद के रूप में लोगों में वितरित किया जाता है. समाज के लोगों का मानना है कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है और आज भी इसे पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जा रहा है.

गाय माता ने सींगों से राक्षस का मुकाबला
ग्वाल वंश समाज के लोगों के अनुसार, गोवर्धन पूजा के पीछे एक ऐसी लोकमान्यता भी जुड़ी हुई है, जिसमें गाय माता को भगवान श्रीकृष्ण का रक्षक माना जाता है. समाज में प्रचलित मान्यता के मुताबिक, एक राक्षस ने सूअर का रूप धारण कर भगवान श्रीकृष्ण को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी. उस समय गाय माता ने अपने सींगों से उस राक्षस का मुकाबला कर भगवान श्रीकृष्ण की रक्षा की थी. इसी मान्यता के चलते समाज में गाय माता के प्रति विशेष श्रद्धा व्यक्त की जाती है.

दूध बांटने की परंपरा
उन्होंने बताया कि दीपावली के अगले दिन सुबह सबसे पहले भगवान गोवर्धन की पूजा की जाती है. इसके बाद गौ माता का दूध प्रसाद के रूप में लोगों को बांटा जाता है. इसके लिए दीपावली की शाम और गोवर्धन पूजा की सुबह दूध एकत्रित किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को प्रसाद वितरित किया जा सके. वहीं गोविंद राम यादव ने बताया कि उनके पूर्वजों के समय से ही गोवर्धन पूजा पर दूध बांटने की परंपरा चली आ रही है. सुबह पूजा-अर्चना करने के बाद शाम को समाज के लोग इस पर्व को धूमधाम से मनाते हैं.

सूअर और गाय माता की लड़ाई का आयोजन
उन्होंने बताया कि दोपहर के समय सूअर और गाय माता की लड़ाई का आयोजन भी किया जाता है, जो समाज की पुरानी मान्यता से जुड़ा हुआ है. इस तरह अंबाला में गोवर्धन पूजा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यादव समाज की सैकड़ों साल पुरानी आस्था, गौ सेवा और पूर्वजों की परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बनी हुई है. हजारों लीटर दूध का प्रसाद बांटकर समाज के लोग आज भी अपनी इस विरासत को जीवंत रखे हुए हैं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

फरीदाबाद में आवारा कुत्ते का खौफ, 6 साल के मासूम को बुरी तरह नोचा, होंठ पर आए 7 टांके

183 साल पुराने इस कब्रिस्तान में दफन है अंग्रेजों का इतिहास, पूर्वजों की कब्रें खोजने आते हैं यूरोप के लोग

कीमोथेरेपी के बाद भी लौट आया कैंसर? ऐसे मरीजों के लिए CAR-T थेरेपी बन सकती है उम्मीद, जान‍िए कैसे होता है इलाज

हैप्पी दिवाली बोलकर मांगा गिफ्ट, फिर कार में पैकेट तक चेक करने लगा होमगार्ड; वीडियो पर बवाल

पलवल में दीपावली की रात ढाबे पर खूनी खेल, 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, खाना देने से मना करने पर हुआ विवाद

हरियाणा के हांसी के 6 युवक जिंदा जले! 2 भाइयों समेत 6 दोस्त, दिवाली की रात और ‘हरिद्वार’ ले गए यमराज!