अंबाला: हरियाणा के अंबाला छावनी में स्थित करीब 182 साल पुराना ईसाई कब्रिस्तान आज भी इतिहास के कई अनसुने पन्नों को अपने भीतर समेटे हुए है. यहां मौजूद सैकड़ों कब्रें ब्रिटिश शासनकाल, विश्व युद्धों, सैन्य अधिकारियों और आम यूरोपीय नागरिकों की यादों को संजोए हुए हैं. दरअसल, इस कब्रिस्तान की खास बात यह है कि सात समंदर पार यूरोप में रहने वाले कई लोग आज भी अपने पूर्वजों की तलाश में यहां पहुंचते हैं. पुरानी कब्रों पर लिखे नाम, जन्म-मृत्यु की तारीख और जीवन से जुड़ी जानकारियां पढ़कर वे अपने परिवार के इतिहास को जानने की कोशिश करते हैं.
जानकारी के अनुसार, वर्ष 1843 में अंबाला छावनी की स्थापना के करीब एक साल बाद 1844 में इस ईसाई कब्रिस्तान का निर्माण करवाया गया था, करीब 23 एकड़ क्षेत्र में फैले इस कब्रिस्तान में सैकड़ों कब्रें मौजूद हैं. इनमें कई कब्रें ऐसी हैं, जो ब्रिटिश शासनकाल के शुरुआती दौर की हैं ओर बीसी बाजार की तरफ बनी दीवार के पास वर्ष 1844 की कब्र भी मौजूद है. यहां प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान मारे गए सैनिकों के अलावा उन ब्रिटिश अधिकारियों और नागरिकों की कब्रें भी हैं, जिनकी मृत्यु 1844 से लेकर भारत की आजादी तक अंबाला या आसपास के क्षेत्रों में हुई थी. इन कब्रों की बनावट और उन पर की गई नक्काशी उस दौर की स्थापत्य कला की झलक दिखाती है.
कब्रिस्तान में मेजर रॉबर्ट लीच की भी कब्र
वही इस कब्रिस्तान में अलग-अलग निर्माण शैलियों में बनी कब्रें देखने को मिलती हैं. कई कब्रों का निर्माण लाल पत्थर से किया गया है, जबकि कुछ पर संगमरमर की पट्टियां लगाई गई हैं. इन पट्टियों पर मृतक का नाम, जन्मतिथि, मृत्यु की तारीख और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उकेरी गई हैं. खासतौर पर कब्रों के निर्माण में ईंट और चूने का इस्तेमाल किया गया था, कुछ कब्रों पर संगमरमर की नक्काशी भी देखने को मिलती है. खास बात यह है कि इन पर लिखे विवरण आज भी उस समय के लोगों की जिंदगी, उनके पद और मृत्यु की परिस्थितियों के बारे में जानकारी देते हैं. इस कब्रिस्तान में मेजर रॉबर्ट लीच की कब्र भी इतिहास के लिहाज से खास मानी जाती है.
मेजर रॉबर्ट लीच बॉम्बे इंजीनियर्स में थे कार्यरत
कब्र पर दर्ज जानकारी के अनुसार, उनका जन्म 7 दिसंबर 1813 को हुआ था और 2 सितंबर 1845 को अंबाला में उनका निधन हो गया था. वह बॉम्बे इंजीनियर्स में कार्यरत थे, उनकी कब्र पर उनकी विधवा मां और जीवित पुत्र की ओर से स्मृति में पत्थर लगवाए जाने का उल्लेख मिलता है. यह कब्र उस दौर के सैन्य अधिकारियों और उनके पारिवारिक जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने लाती है. वहीं अंबाला छावनी के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में इतिहास के प्रोफेसर डॉ. अतुल यादव ने लोकल 18 को बताया कि यह कब्रिस्तान 1844 के समय का है और यहां उस दौर की कई महत्वपूर्ण कब्रें मौजूद हैं.
पूर्वजों की तलाश में आते है विदेश से लोग
उन्होंने बताया कि ईसाई परंपरा के अनुसार कब्रों पर मृतक का नाम, उम्र, जन्म और मृत्यु का समय तथा कई बार मृत्यु का कारण भी दर्ज किया जाता था. उन्होंने कहा कि यहां अफ्रीका के बोअर युद्ध से जुड़े लोगों के अलावा ईसाई सैनिकों और सैन्य अधिकारियों की कब्रें भी मौजूद हैं. उस समय महामारी, अकाल मृत्यु और अन्य कारणों से जान गंवाने वाले लोगों की जानकारियां भी इन कब्रों पर देखने को मिलती हैं. इस ऐतिहासिक कब्रिस्तान का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि विदेशों में रहने वाले लोग आज भी अपने पूर्वजों की तलाश में यहां आते हैं.
परिवार की पुरानी पीढ़ियों से जुड़ने की करते हैं कोशिश
खासकर इंग्लैंड और यूरोप के दूसरे देशों से आने वाले लोग पुरानी कब्रों पर लिखे नाम और तारीखों के जरिए अपने परिवार की पुरानी पीढ़ियों से जुड़ने की कोशिश करते हैं. कई लोग अपने पूर्वजों की कब्र पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करते हैं. डॉ. अतुल यादव के अनुसार, अंबाला ही नहीं, बल्कि जालंधर और पंजाब के कई हिस्सों से जुड़े ईसाई समुदाय के लोगों तथा विदेश से आए लोगों की कब्रें भी यहां मौजूद हैं.













