Haryana Weather Alert: हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, फिर होगी बारिश, पढ़े IMD का अलर्ट

On: January 30, 2026 8:02 AM
Follow Us:
Haryana Weather Alert

हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा आंकड़ों और सैटेलाइट इमेज के अनुसार प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। आज सुबह राज्य के अधिकांश हिस्सों में अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। इसके साथ ही शीतलहर का असर भी बना हुआ है, जिस कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल हरियाणा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, लेकिन उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं के चलते ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 31 जनवरी की रात से एक नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में प्रवेश करेगा, जिसका असर हरियाणा में 1 और 2 फरवरी को देखने को मिलेगा।

इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के दक्षिणी और पूर्वी जिलों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी और नूंह में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 1 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना 50 से 75 प्रतिशत तक जताई जा रही है। इससे ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।

जनवरी महीने की बात करें तो अब तक हरियाणा चार बड़े पश्चिमी विक्षोभों से प्रभावित हो चुका है। खासकर 22-23 जनवरी और 27-28 जनवरी के दौरान आए सिस्टम काफी प्रभावी रहे, जिनकी वजह से कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई थी। इन मौसमी गतिविधियों ने फसलों के साथ-साथ आम जनजीवन को भी प्रभावित किया।

अधिकतम तापमान में फिलहाल हल्की बढ़ोतरी जरूर देखने को मिली है। धूप खिलने के कारण दिन के तापमान में इजाफा हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान भिवानी में 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां पिछले 24 घंटों में तापमान करीब 8 डिग्री तक बढ़ा है। पूरे हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।

हालांकि रोहतक और हिसार जैसे जिलों में दिन का तापमान अभी भी सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम बना हुआ है, जिससे दोपहर में भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है। 30 जनवरी को भी प्रदेश में आसमान साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है।

आगे के मौसम को लेकर चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि हरियाणा में मौसम 4 फरवरी तक परिवर्तनशील बना रह सकता है। उन्होंने कहा कि 30 और 31 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा, शीत हवाएं चलेंगी और अलसुबह व देर रात कहीं-कहीं धुंध छाई रह सकती है। वहीं 31 जनवरी की देर रात से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते 1 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इसके बाद 2 और 3 फरवरी को राज्य के उत्तरी और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। 4 फरवरी से एक बार फिर मौसम के शुष्क होने और ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे रात के तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now