हरियाणा में आज से एक्टिव हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, इन 20 जिलों में बारिश और ओलों का अलर्ट जारी

On: January 31, 2026 8:09 AM
Follow Us:
हरियाणा में आज से एक्टिव हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, इन 20 जिलों में बारिश और ओलों का अलर्ट जारी

हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के दौर के बीच शनिवार की सुबह लोगों के लिए राहत लेकर आई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने और दिन के समय तेज धूप खिलने की संभावना है, जिससे ठंड से कुछ हद तक राहत मिलेगी। हालांकि सुबह के समय जीटी रोड से सटे जिलों में कोहरे का असर देखने को मिला।

पानीपत और सोनीपत सहित आसपास के इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। पानीपत में तो विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, कोहरे का असर खत्म होगा और स्थिति सामान्य हो जाएगी।

दूसरी ओर प्रदेश में मौसम का यह साफ मिजाज ज्यादा देर टिकने वाला नहीं है। आज रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते हरियाणा के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिलों में देर रात छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने एक फरवरी को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह, फरीदाबाद और पलवल जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और जींद के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

प्रदेश के कई इलाकों में सुबह मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आया। हिसार में सुबह से ही धूप खिल गई, जबकि सिरसा और फतेहाबाद में भी मौसम साफ रहा और कोहरे का असर नहीं दिखा। डबवाली क्षेत्र के खेतों में सुबह हल्की धुंध जरूर देखी गई, लेकिन इसका असर उन्हीं स्थानों तक सीमित रहा, जहां हाल ही में फसलों की सिंचाई की गई थी। फतेहाबाद में पंजाब से सटे जाखल क्षेत्र में भी सुबह मौसम साफ दर्ज किया गया।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी दी है। आने वाले समय में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिसका असर खेतों में खड़ी फसलों और खुले में बंधे पशुओं पर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

बेबसी, मजबूरी और मर्डरः बिहार से बेटा-बेटी ने ऑनलाइन देखा पिता का अंतिम संस्कार, किशन लाल की अर्थी को नहीं मिला अपनों का कांधा

पानीत में पुलिस ने चिता से उठाई 20 साल की विवाहिता की लाश, चुपके से अंतिम संस्कार कर रहा था पति, एक साल पहले हुई थी लव मैरिज

छात्रों से संवाद, दुगर्म गांव में रात्रि ठहराव, 3 दिन के लिए कहां जा रहे हैं  सीएम सुक्खू

सिरसा में दूध का रेट बढ़ाने की मांग, पशुपालक 3 दिन नहीं करेंगे दूध की आपूर्ति

गुरुग्राम में बीच सड़क पर कैब चालक पर बरसाए डंडे, ट्रैफिक हुआ जाम, थाने में सुलझा मामला

Asian Games: जींद की बेटी नीरू ढांडा का डबल गोल्ड, पिता के साथ हादसा, मां बोलीं- 3 दिन से खुशी में भूख नहीं लगी | Sports