Haryana News: गुरुग्राम में रोड रेज के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे सेक्टर-21 के राम चौक पर हंगामा हो गया। एक ईवी गाड़ी में सवार व्यक्ति ने कैब में तोड़फोड़ कर दी। उसने कैब के शीशों और खिड़कियों पर ताबड़तोड़ रॉड बरसाए। आरोप है कि कैब ड्राइवर ईवी को ओवरटेक कर आगे निकल गया था।
काफी देर ट्रैफिक रहा बाधित
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें डंडा लिए एक व्यक्ति कैब ड्राइवर के सीने पर वार करता नजर आ रहा है। वह ड्राइवर से कैब से बाहर निकलने के लिए भी कह रहा है। घटना के चलते व्यस्त सड़क पर काफी देर तक ट्रैफिक बाधित रहा। बाद में कैब मालिक की शिकायत पर मामला उद्योग विहार थाने पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। कैब में हुए नुकसान की भरपाई के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
ओवरटेक करके रास्ता रोका
जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कैब ड्राइवर राहुल ट्रैफिक के दौरान आगे चल रही ईवी कार को ओवरटेक कर आगे निकल गया था। राहुल के मुताबिक, उसकी कैब ईवी कार से टच भी नहीं हुई थी। इसके बावजूद ईवी ड्राइवर ने अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और कैब के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर उसका रास्ता रोक दिया।
गाली-गलौज के बाद रॉड से हमला
राहुल ने आरोप लगाया कि ईवी ड्राइवर गाड़ी से नीचे उतरा और राहुल के साथ सरेआम गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने अपनी गाड़ी से डंडा निकाला और राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने कैब की खिड़कियों और शीशों पर भी रॉड बरसाए। साथ ही राहुल को जबरन कैब से बाहर निकालने का प्रयास किया।
कैब मालिक को फोन कर बुलाया
खुद को मुसीबत में घिरा देख राहुल ने फोन कर पूरी घटना की जानकारी कैब मालिक अशोक विहार निवासी चंद्र शेखर पांडे को दी। सूचना मिलते ही चंद्र शेखर पांडे अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर राहुल को आरोपी के चंगुल से छुड़वाया।
बातचीत के बाद हुआ समझौता
कैब मालिक ने आरोपी के खिलाफ उद्योग विहार थाने में शिकायत दी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। थाने के बाहर काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। पुलिस की मौजूदगी में आपसी सहमति से मामले को रफा-दफा करने का फैसला लिया गया। हमलावर पक्ष की ओर से कैब में हुए नुकसान की भरपाई की गई।












