Haryana Weather Alert: हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, सक्रिय होंगे 2 पश्चिमी विक्षोभ, बारिश के आसार!

On: February 28, 2026 8:01 AM
Follow Us:
Haryana Weather Alert

Haryana Weather Alert: हरियाणा में गर्मी ने समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 27 फरवरी के आंकड़ों के अनुसार राज्य के 9 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से बादलवाई और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 मार्च तक एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ आएंगे, जिससे मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा।


हिसार में सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा तापमान

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान हिसार में 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6.3 डिग्री अधिक है।

इसके अलावा भिवानी, महेंद्रगढ़, नूंह, गुरुग्राम, रोहतक (कैनाल रेस्ट हाउस), मंडकोला और सोनीपत में भी तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा।

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले करीब 1 डिग्री बढ़ा है और यह सामान्य से लगभग 4.7 डिग्री अधिक चल रहा है। साफ मौसम और शुष्क हवाओं के कारण दिन में गर्मी लगातार बढ़ रही है।


न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर

हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, फिर भी यह सामान्य से ऊपर बना हुआ है। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक रहा।

सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत के सरगथल स्थित कैनाल रेस्ट हाउस में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिसार में 12.5 डिग्री, करनाल में 11.7 डिग्री, चंडीगढ़ में 12.8 डिग्री और रोहतक में 12.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रात के तापमान में ज्यादा गिरावट न होने से दिन की गर्मी अधिक महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति फसलों की बढ़वार को भी प्रभावित कर सकती है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now