हरियाणा में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच स्कूली बच्चों और अभिभावकों की नजर अब शिक्षा विभाग की अहम बैठक पर टिकी हुई है। प्रदेश में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में तेज धूप और लू के बीच बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही गर्म हवाएं चल रही हैं और दोपहर तक हालात और ज्यादा गंभीर हो रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में छोटे बच्चों का स्कूल जाना स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। वहीं लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब शिक्षा विभाग भी अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने इस मुद्दे को लेकर अहम बैठक बुलाने का फैसला लिया है। बुधवार सुबह 11 बजे उनकी अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में स्कूलों के समय में बदलाव और प्राइमरी कक्षाओं के लिए छुट्टियों को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, विभाग बढ़ती गर्मी और मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से देख रहा है। संभावना जताई जा रही है कि छोटे बच्चों के लिए समय से पहले गर्मी की छुट्टियों का ऐलान किया जा सकता है या फिर स्कूलों का समय पूरी तरह सुबह की शिफ्ट में किया जा सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग पहले ही चेतावनी जारी कर चुका है कि मई और जून के दौरान उत्तर भारत में लू का असर और ज्यादा खतरनाक हो सकता है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। कई राज्यों ने गर्मी को देखते हुए पहले ही स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं या स्कूल टाइमिंग में बदलाव कर दिया है।
हरियाणा में भी लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण बच्चों की तबीयत खराब होने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। डॉक्टरों ने भी दोपहर के समय बच्चों को बाहर न निकालने की सलाह दी है। ऐसे में अब अभिभावकों और विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्री की बैठक से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर बुधवार को होने वाली बैठक पर टिकी हुई है, जहां से स्कूलों की छुट्टियों और समय बदलाव को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।













