Haryana News: हरियाणा के घरौंडा क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को बुलडोजर चलाया। नगर पालिका की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में डींगर माजरा रोड स्थित तहसील के सामने करीब दो एकड़ क्षेत्र में काटी जा रही एक अवैध कॉलोनी में निर्मित चारदीवारियों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही विश्राम गृह के सामने स्थित अशोक कॉलोनी में नगर पालिका की सड़क पर लगाए गए एक अवैध गेट और उसके पिलरों को भी उखाड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, डींगर माजरा रोड पर बिना आवश्यक अनुमति और स्वीकृतियों के कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायतें नगर पालिका को लगातार मिल रही थीं। शिकायतों की जांच के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया। गुरुवार को नगर पालिका अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध कॉलोनी में बनाई गई चारदीवारियों को जेसीबी से गिरा दिया।
वहीं दूसरी ओर अशोक कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा नगर पालिका की सार्वजनिक सड़क के बीचों-बीच अवैध रूप से गेट स्थापित कर रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत भी प्रशासन को मिली थी। कॉलोनीवासियों ने इस संबंध में नगर पालिका से शिकायत कर आम लोगों के आवागमन में हो रही परेशानी से अवगत कराया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने मौके पर पहुंचकर अवैध गेट और उसके पिलरों को भी जेसीबी मशीन की सहायता से हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि या सड़क पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि पिछले काफी समय से शहर में अवैध कॉलोनियां काटे जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में आज डींगर माजरा रोड पर लगभग दो एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा अशोक कॉलोनी में नगर पालिका की सड़क के बीच अवैध रूप से लगाए गए गेट को भी हटाया गया है।
नगर पालिका ने लोगों से की अपील
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने या मकान बनाने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच कर लें। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से भविष्य में कानूनी और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। नगर पालिका आगे भी अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रखेगी।













