Last Updated:
Rohtak News: हरियाणा के रोहतक में 27 वर्षीय सुनील का शव मिलने के बाद परिजनों ने झज्जर रोड पर जाम लगाया. वे हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है. चार दिन से युवक लापता था और अब उसके दोस्तों पर ही हत्या के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रोहतक. हरियाणा के रोहतक में चार दिन से लापता 27 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. गुरुवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने झज्जर रोड स्थित काठमंडी पुल के पास जाम लगाकर प्रदर्शन किया और हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित रहा.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है. मृतक का भाई संजय का आरोप है कि चार दिन पहले कुछ युवक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में आए थे और सुनील को अपने साथ ले गए थे. इसके बाद से वह लापता था. परिजनों ने इसे अपहरण का मामला बताते हुए पुलिस को शिकायत भी दी थी. गुरुवार को सुनील का शव बेरी के पास झज्जर नहर से बरामद हुआ, जिससे परिवार में मातम और आक्रोश फैल गया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया. शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग काठमंडी पुल के पास एकत्रित हो गए और सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा.
सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया तथा निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खोल दिया गया और यातायात सामान्य हो सका.
जिन पर शक, वो युवक के दोस्त
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की शिकायत सामने आई है. पुलिस का कहना है कि जिन लोगों पर शक जताया जा रहा है, वे मृतक के दोस्त बताए गए हैं. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. वहीं, परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जल्द न्याय दिलाने की अपील की है.
About the Author

Vivek Kumar is a Senior Journalist with over 10 years of experience in the media industry. He is currently associated with News18 Hindi, where he covers local news from Haryana, Uttar Pradesh and Uttarakhand. H…
और पढ़ें













