Haryana News: हरियाणा के पानीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मतलौडा क्षेत्र के पटवारी संदीप और उसके निजी सहायक जयभगवान को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि वे जमीन की निशानदेही कराने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की 160 वर्गगज मलकियत वाली जमीन की मौके पर तस्दीक और निशानदेही होनी थी। आरोप है कि पटवारी और उसके सहायक ने यह काम करने के बदले 15 हजार रुपये मांगे और रिश्वत नहीं देने पर काम को लगातार टालते रहे। शिकायत मिलने के बाद ACB पानीपत की टीम ने मामले की जांच की और अधिकारियों के निर्देश पर ट्रैप की योजना बनाई। टीम ने शिकायतकर्ता के जरिए आरोपियों को रिश्वत की रकम देने के लिए रिफाइनरी के पास नैफ्था रूट पर बुलवाया। जैसे ही दोनों ने 15 हजार रुपये स्वीकार किए, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी
ACB के अधिकारियों के मुताबिक, रिश्वत की मांग दोनों आरोपियों ने मिलकर की थी और रकम भी दोनों ने संयुक्त रूप से ली थी। गिरफ्तार किए गए पटवारी संदीप और उसके निजी सहायक जयभगवान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। ACB यह भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों पहले भी किसी रिश्वतखोरी की वारदात में शामिल तो नहीं रहे हैं।









