Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ी आर्थिक सौगात दी। लाभ वितरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर सरकार की ओर से जारी की गई राशि और योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आज 19 योजनाओं के 50 लाख 4,873 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 1,595 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि DBT के माध्यम से किया जा रहा यह भुगतान सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की दसवीं किस्त जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत आज दसवीं किस्त जारी की गई है। योजना के तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि डाली गई। इसके साथ ही अब तक 10 किस्तों में कुल 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत ₹1,124 करोड़ जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1,124 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। इसका लाभ प्रदेश के 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी भुगतान DBT के जरिए सीधे बैंक खातों में किए जा रहे हैं। दयालु योजना के तहत आज 6,224 परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक इस योजना के तहत कुल 83,536 परिवारों को 3,152 करोड़ 48 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
हर घर-हर गृह योजना के तहत सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर घर-हर गृह योजना के तहत 4 लाख 93 हजार 434 बहनों के खातों में जून महीने की सब्सिडी भी ट्रांसफर की गई है। इसके तहत आज 19 करोड़ 17 लाख रुपये की राशि जारी हुई। इसे मिलाकर अब तक योजना के तहत कुल 340 करोड़ 14 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है।
किसानों को हरित खाद के लिए ₹7 करोड़
हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार ने किसानों को आर्थिक सहायता दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 13,237 किसानों के खातों में 7 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। यह राशि खरीफ 2026-27 में करीब 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा और मूंग को खाद के रूप में अपनाने के लिए जारी की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, खरीफ 2026 के दौरान 5,844 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में ढेंचा और 7,393 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में मूंग एवं अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन किया गया है।
14 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 14 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, प्रदेश में 9 अगस्त से शुरू हुई तिरंगा यात्रा 17 अगस्त तक चलेगी। उन्होंने लोगों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। सोमवार को जारी की गई राशि इसी दिशा में सरकार की पहल का हिस्सा है।









