Haryana News: सीएम सैनी ने कनीपला को दी बड़ी सौगात, स्कूल के लिए 11 लाख और गांव के विकास को 21 लाख

On: September 25, 2026 4:31 AM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीपला में आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं निपुण चित्रकला प्रदर्शनी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीपला में सोलर पैनल लगाने के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, कनीपला गांव के विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बच्चों की कल्पना में जो विकसित भारत आकार लेता है, वही आने वाले समय में वास्तविक भारत के रूप में हमारे सामने आएगा। बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन देकर उनमें रचनात्मकता, संस्कार, सेवा भावना तथा राष्ट्र निर्माण का भाव विकसित किया जा सकता है।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बच्चों को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया है। अभियान के अंतर्गत 17 से 21 सितंबर तक कक्षा तीसरी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में चयनित कृतियां जिला स्तरीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई हैं। उन्होंने प्रदर्शनी में शामिल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों के हाथों में रंग होते हैं, लेकिन उन रंगों को सपनों में बदलने का विश्वास परिवार और शिक्षक देते हैं। प्रदर्शनी में स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, सेवा भावना और वर्ष 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना जैसे विषयों को बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत किया है।

25 वर्षों की सेवा से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान

नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल उपलब्धियों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से प्रेरणा लेते हुए हमें विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए।  उन्होंने कहा कि भारत आज विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश ने अंतरिक्ष विज्ञान सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने सपनों को लक्ष्य में बदलें और देश के विकास में योगदान देने के लिए निरंतर प्रयास करें।

माधव सभागार और भित्ति चित्र नई पीढ़ी को देंगे प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कनीपला के इस विद्यालय में एक ओर बच्चों द्वारा बनाए गए चित्र भविष्य के भारत की कल्पना को सामने रखते हैं, वहीं दूसरी ओर माधव सभागार में परम पूजनीय माधव सदाशिवराव गोलवलकर ‘श्री गुरु जी’ का भित्ति चित्र इतिहास, संस्कार और कर्तव्य की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि इतिहास हमें जड़ें देता है, शिक्षा हमें पंख देती है, संस्कार हमें दिशा देते हैं और सपने हमें उड़ान देते हैं। मजबूत जड़ों और भविष्य की स्पष्ट दृष्टि वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जी असाधारण व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। बच्चों को उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र सेवा की भावना से परिचित कराने तथा उनकी स्मृति को संजोए रखने के लिए यह भित्ति चित्र तैयार किया गया है। यह पहल राष्ट्र, संस्कृति और समाज के प्रति समर्पण की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि जीवन वह बड़ा नहीं होता जो अपने लिए जिया जाए, बल्कि समाज के लिए जिया जाने वाला जीवन श्रेष्ठ होता है। श्री गुरु जी का जीवन राष्ट्र और समाज के प्रति इसी समर्पण की भावना का उदाहरण है।

शिक्षा व्यवस्था में तकनीक, नवाचार और कौशल पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकारी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, टैबलेट वितरण और ई-लर्निंग को बढ़ावा दिया गया है। विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और डिजिटल कौशल से जोड़ने के साथ-साथ कौशल विकास कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर से जोड़ने तथा उच्च शिक्षा में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से सुपर-100 तथा बुनियाद जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सुपर-100 की सीटों को 500 से बढ़ाकर 600 किया गया है।

विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार कर रहा हरियाणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का भारत पूरी दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करना भी आवश्यक है। इसी दिशा में सरकारी विद्यालयों में फ्रेंच भाषा की पढ़ाई शुरू की गई है, जबकि जर्मन भाषा के लिए समझौता किया गया है तथा जापानी और कोरियाई भाषाओं की पढ़ाई भी चरणबद्ध रूप से शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में खेल सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष सभी राजकीय उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के खेल मैदानों के विकास के लिए एक-एक लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।

बच्चे अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाएं

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रदर्शनी में दिखाई दे रही उनकी कला केवल कागज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सेवा का रंग उनके व्यवहार में, संस्कार का रंग उनके व्यक्तित्व में, मेहनत का रंग उनकी पढ़ाई में और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का रंग उनके जीवन में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने निपुण हरियाणा जिला स्तरीय कला प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कनीपला विद्यालय से निकला यह संदेश दूर तक जाएगा और बच्चों की रचनात्मकता तथा प्रतिभा प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगी।

गुरु जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : स्वामी ज्ञानानंद महाराज

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि गुरु जी का भित्ति चित्र नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, गीता, परंपराओं और जीवन मूल्यों की बातों को राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। ये हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़ी बातें हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे गुरु जी जैसे महान व्यक्तित्वों को अपना आदर्श बनाकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करें तथा उनके जीवन से प्रेरणा लें। उन्होंने रत्न चंद सरदाना जी की कृति ‘अपना माधव’ के लिए शुभकामनाएं दीं।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

किसानों का प्रदर्शन, टावर लाइन विवाद पर पुलिस से आमना-सामना; भिवानी को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग

Haryana News: कुरुक्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, गोगामेड़ी जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 6 श्रद्धालुओं की मौत

Haryana News: हरियाणा के हांसी में दर्दनाक हादसा, दो बाइकों की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत

Haryana News: पानीपत के डाडोला में बनेगा भव्य अंबेडकर भवन, 53 लाख रुपये होंगे खर्च; विकास कार्यों को मिलेगी गति

भिवानी पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते परिवहन विभाग का सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार

सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई, ठेकेदार के बिल पास करने के बदले 2.93 लाख रुपये रिश्वत लेते एसडीओ और जेई गिरफ्तार