गुरुग्राम: शहर में ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए IFFCO चौक से सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) तक जाने वाले मार्ग का कायाकल्प किया जाएगा. करीब 7.1 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग को बेहतर बनाने के लिए 41.86 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिल गई है. बता दें कि इस सड़क पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं. वहीं इस परियोजना के तहत सड़क की मरम्मत के साथ फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, जल निकासी और सड़क सुरक्षा से जुड़े काम भी किए जाएंगे.
एक साल में पूरा होने की उम्मीद
यह परियोजना गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) की ओर से पूरी की जाएगी. मंगलवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में इसे मंजूरी दी गई. अधिकारियों के मुताबिक परियोजना का काम करीब एक साल में पूरा होने की उम्मीद है.
बता दें कि यह मार्ग दिल्ली-NCR से गुरुग्राम आने-जाने वाले लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है. इससे सेक्टर 28, 29, 43, 44, 52, 52A, 56 और 57 के हजारों लोगों को भी फायदा मिलेगा.
IFFCO चौक से SPR तक जाएगा मार्ग
GMDA के प्रवक्ता के मुताबिक, यह कॉरिडोर IFFCO चौक मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर वजीराबाद और आर्डी सिटी से होते हुए SPR के प्रवेश बिंदु तक जाएगा. यह मार्ग लगभग गोल्फ कोर्स रोड के समानांतर रहेगा.
परियोजना के तहत करीब 7.1 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क पर बिटुमिनस की नई परत बिछाई जाएगी. इससे सड़क की स्थिति बेहतर होगी और वाहन चालकों को आवाजाही में भी सुविधा मिलेगी.
पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों के लिए भी सुविधा
वैसे इस परियोजना में सिर्फ सड़क को बेहतर बनाने पर ही ध्यान नहीं दिया गया है, बल्कि पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों के लिए भी अलग सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. इस सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे.
GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि शहर की सड़कें सभी वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जानी चाहिए. परियोजना में सड़क सुधार के साथ पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों की सुविधा, जंक्शन में सुधार और ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था भी की जाएगी.
जलभराव से भी मिलेगी राहत
GMDA के अधिकारियों के अनुसार, सड़क के दोनों ओर फुटपाथ और साइकिल ट्रैक के साथ बारिश के पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा. साथ ही सुरक्षा ग्रिल लगाई जाएंगी. इससे पैदल चलने वालों की सुरक्षा बढ़ेगी और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी.
सेक्टर 68-69 को जोड़ने वाली सड़क को भी मंजूरी
इसके अलावा, HPWPC की बैठक में गुरुग्राम के सेक्टर 68 और 69 को जोड़ने वाली एक अन्य सड़क परियोजना को भी मंजूरी दी गई. इस परियोजना की लागत 26.83 करोड़ रुपये है. इसके तहत SPR को सोहना रोड से जोड़ने के लिए 900 मीटर नई सड़क बनाई जाएगी.
इसके अलावा, 1100 मीटर मौजूदा सड़क पर नई परत बिछाई जाएगी और करीब 2 किलोमीटर लंबी सर्विस लेन भी बनाई जाएगी. इससे इस इलाके में रहने वाले लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.











