Last Updated:
पलवल के सरकारी अस्पताल में सांप के काटने के बाद युवती को नीम की पत्तियों से झाड़ा लगाया गया. अस्पताल प्रशासन ने कहा कि डॉक्टरों ने वैज्ञानिक इलाज किया, परिवार झाड़-फूंक करने वाले को लाया था.
सांप के काटने के बाद अस्पताल पहुंची एक युवती को जमीन पर बैठाकर नीम की पत्तियों से झाड़ा लगाया जा रहा है.
पलवल. हरियाणा के पलवल के सरकारी अस्पताल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में सांप के काटने के बाद अस्पताल पहुंची एक युवती को जमीन पर बैठाकर नीम की पत्तियों से झाड़ा लगाया जा रहा है. हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डॉक्टरों ने युवती का वैज्ञानिक तरीके से इलाज किया था और झाड़ा लगाने वाले व्यक्ति को परिवार अपने साथ लेकर आया था.
वीडियो में सांप के काटने के बाद नीम-बेहोशी की हालत में एक युवती अस्पताल के फर्श पर बैठी दिखाई दे रही है. उसके सामने एक अधेड़ व्यक्ति बैठा है, जिसके आसपास नीम की पत्तियां रखी हैं वीडियो में यह व्यक्ति नीम की पत्तियों से युवती का झाड़ा लगाता दिखाई देता है. कभी वह युवती की कलाई पकड़कर अंगुलियां दबाता है तो कभी उसके हाथों पर नीम की पत्तियां फेरता है. कुछ देर बाद वह युवती को नीम की पत्तियां खाने के लिए भी देता है.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 18 अगस्त का है. पलवल के गांव चांदहट की रहने वाली 20 वर्षीय बबीता खेत में काम कर रही थी, तभी उसके हाथ पर सांप ने काट लिया. परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए पलवल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, डॉक्टरों ने युवती की जांच की और उसे सांप के जहर के इलाज में इस्तेमाल होने वाला एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया. इसी दौरान इमरजेंसी के बाहर परिवार की मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जिसने दावा किया कि वह झाड़-फूंक के जरिए सांप का जहर निकाल सकता है.
युवती के भाई बिट्टू के मुताबिक, बहन की हालत को देखते हुए परिवार उस व्यक्ति को अस्पताल के अंदर ले आया. वीडियो में वही व्यक्ति नीम की पत्तियों से झाड़ा लगाता दिखाई दे रहा है. परिवार का कहना है कि उस समय उनके लिए मरीज की जान बचाना सबसे जरूरी था. इलाज के बाद डॉक्टरों ने युवती को नल्लड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. वहां उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया. परिजनों का कहना है कि अब युवती की हालत ठीक है.
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग दे रहा सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सफाई दे रहा है. सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजय का कहना है कि अस्पताल में किसी भी तरह की झाड़-फूंक की अनुमति नहीं है और डॉक्टरों ने झाड़ा लगाने वाले व्यक्ति को नहीं बुलाया था. उधर, अस्पताल प्रशासन का दावा है कि युवती को समय पर एंटी-वेनम इंजेक्शन और जरूरी मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया था, जबकि झाड़ा लगाने वाला व्यक्ति परिजन अपने साथ लेकर आए थे. जानकारी मिलते ही अस्पताल स्टाफ ने उसे वहां से बाहर कर दिया. अब वायरल वीडियो के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि सरकारी अस्पताल परिसर में आखिर झाड़-फूंक कैसे होने दी गई.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…
और पढ़ें













