Haryana News: हरियाणा से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। पलवल में अनुसूचित जाति की दो लड़कियों को शिव मंदिर में जल चढ़ाने से रोक दिया गया। पीड़ित लड़कियों ने आरोप लगाया कि मंदिर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने उन्हें जल चढ़ाने से रोका और डंडा मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
डंडा मारने की दी धमकी
अनुसूचित जाति की दो लड़कियां पलवल जिले के हथीन उपमंडल के गांव आलुका स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव पर जल चढ़ाने गई थीं। लड़कियों का आरोप है कि मंदिर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने उन्हें जलाभिषेक करने से रोका और डंडा मारने की धमकी दी।
वीडियो से मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार, गांव की दो लड़कियां शिव मंदिर में जल चढ़ाने पहुंची थीं। वहां मौजूद बुजुर्ग महिला ने कथित तौर पर उन्हें छड़ी दिखाकर मंदिर में जल चढ़ाने से रोक दिया। लड़कियों के अनुसार, महिला ने कहा कि यह गांव का मंदिर है और वे यहां जल नहीं चढ़ा सकतीं। घटना के दौरान मंदिर के बाहर मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया।
पुलिस चौकी में शिकायत
वीडियो में कथित तौर पर बुजुर्ग महिला को लड़कियों को रोकते हुए देखा और सुना जा सकता है। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद घटना की विभिन्न स्तरों पर निंदा की गई और धार्मिक स्थल पर किसी व्यक्ति को पूजा-अर्चना से रोकने के मामले में कार्रवाई की मांग उठी। इस संबंध में मंडकौला पुलिस चौकी में शिकायत भी दी गई।
आरोपी महिला ने मांगी माफी
हथीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को मामले की शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि सामाजिक स्तर पर हुई बातचीत के दौरान बुजुर्ग महिला ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस के अनुसार, मामले में फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।













