हरियाणा में बिगड़ेंगे हालात, सफाई कर्मचारियों ने 24 अगस्त तक बढ़ाई हड़ताल

On: August 22, 2026 6:51 AM
Follow Us:

Haryana News Update : बिगड़ेंगे हालात, सफाई कर्मचारियों ने 24 अगस्त तक बढ़ाई हड़ताल
Haryana News Update : बिगड़ेंगे हालात, सफाई कर्मचारियों ने 24 अगस्त तक बढ़ाई हड़ताल

सफाई कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से शहरों में जगह-जगह कूड़ा जमा हो गया

Haryana News Update (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़ : हरियाणा में सफाई कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। उनकी हड़ताल आज 16वें दिन में प्रवेश कर गई है। वहीं कोई रास्ता निकलता न देखकर कर्मचारियों ने अपनी यह हड़ताल 24 अगस्त तक बढ़ा दी है। जिससे प्रदेशभर में कई शहरों में सफाई व्यवस्था गड़बड़ा चुकी है।

सफाई कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से शहर में जगह-जगह कूड़ा जमा हो गया है। कई मुख्य रास्तों और गलियों में कूड़े के ढेर लगे होने के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। डंपिंग प्वाइंट बढ़ने से शहर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

इसलिए लिया कर्मचारियों ने हड़ताल बढ़ाने का फैसला

हड़ताल के 16वें दिन फतेहाबाद शहर सहित प्रदेशभर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई। नगर परिषद क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं और कई स्थान डंपिंग प्वाइंट में तब्दील हो गए हैं। इससे लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

फतेहाबाद नगर पालिका संघ के प्रधान नरेश राणा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री का संदेश मिला है, जिसे कर्मचारियों के सामने पढ़कर सुनाया गया। संदेश के अनुसार सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को अब 24 अगस्त तक जारी रखने का फैसला लिया गया है।

लोगों को उठानी पड़ रही परेशानी

कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बिना नाक ढके गुजरना मुश्किल है। शहर में फैली गंदगी का असर व्यापार पर भी पड़ा है। बाजारों में आने वाले ग्राहकों की संख्या कम हुई है। दुकानदारों का कहना है कि कूड़े के ढेर और दुर्गंध के कारण ग्राहक बाजारों में आने से बच रहे हैं।

प्रशासन नहीं उठा रहा प्रभावी कदम

हड़ताल के कारण लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था के बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। शहर में जमा कूड़ा अब लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ संभावित स्वास्थ्य जोखिम का कारण भी बन रहा है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 16वें दिन में पहुंच चुकी है और अब इसे 24 अगस्त तक बढ़ाए जाने से शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now