Last Updated:
Rampal Maharaj Video: हरियाणा के विवादित संत रामपाल एक नया वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कभी आश्रम के अंदर पैदल चलकर भक्तों को आशीर्वाद देने वाले रामपाल ने अब विलासिता का नया तरीका अपना लिया है. वीडियो में वह एक एसी युक्त विशेष रूप से तैयार की गई लग्जरी गाड़ी में बैठे नजर आ रहे हैं, जिसमें चलती-फिरती दान पेटिका की व्यवस्था भी है. साल 2014 के हिसार हिंसा मामले में जमानत पर बाहर चल रहे हैं.
संत रामपाल का नया वीडियो. (स्क्रीन ग्रैब)
हिसार: विवादों में रहने वाले हरियाणा के संत रामपाल महाराज एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उनके आश्रम से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर फैल रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि संत रामपाल ने अब भक्तों को दर्शन और आशीर्वाद देने के लिए एक बेहद ही नायाब और वीआईपी तरीका ढूंढ निकाला है. कभी आश्रम के भीतर पैदल चलकर भक्तों का अभिवादन स्वीकार करने वाले रामपाल अब एक पूरी तरह से एयर-कंडीशंड (AC) और विशेष रूप से डिजाइन की गई लग्जरी गाड़ी में सवार नजर आ रहे हैं.
सामने आए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि संत रामपाल एक शीशे से घिरे एसी वाहन में आराम से कुर्सी पर बैठे हैं, जिस पर ‘पूर्ण ब्रह्म’ लिखा हुआ है. हैरानी की बात यह है कि इसी वाहन के साथ चलती-फिरती दान पेटिका भी लगाई गई है. भक्त कतार में खड़े होकर इस गाड़ी के पास आते हैं, वाहन के पहियों के पास झुककर उनके पैर छूते हैं और आशीर्वाद लेते हैं. इस पूरी व्यवस्था को देखकर साफ है कि अब बाबा को अपने शिष्यों को आशीर्वाद देने के लिए दो कदम पैदल भी नहीं चलना पड़ता, बल्कि भक्तों का हुजूम खुद उनके इस हाई-टेक रथ के इर्द-गिर्द घूमता नजर आता है.
2014 की हिंसा और जमानत का इतिहास
गौरतलब है कि संत रामपाल का यह वही हिसार स्थित आश्रम है, जहां वर्ष 2014 के दौरान भारी प्रशासनिक हंगामे और हिंसक झड़पें हुई थीं. उस बहुचर्चित हिंसा के दौरान दो लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद कानून का शिकंजा कसने पर संत रामपाल को गिरफ्तार किया गया था. इस मामले में अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जो बाद में उच्च न्यायालय (High Court) द्वारा निलंबित कर दी गई थी. फिलहाल संत रामपाल इसी गंभीर आपराधिक मामले में जमानत पर बाहर हैं और लगातार अपने आश्रम की गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं. एक तरफ जहां उनके समर्थक इसे उनकी श्रद्धा और सुरक्षा से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आम लोग और सोशल मीडिया यूजर्स इस वीआईपी संस्कृति और आध्यात्मिक मंचों पर चल रहे दान-दक्षिणा के खेल पर सवाल उठा रहे हैं. बहरहाल, चलती-फिरती दानपेटी और एसी गाड़ी वाला यह नया वीडियो हरियाणा की सियासत और धार्मिक गलियारों में एक बार फिर बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें













