क्रिकेट अकादमी में बच्चों ने खेल-खेल में दबा दिया स्विच, चल पड़ा 750 किलो का रोलर, 8 साल के मासूम की गई जान

On: August 29, 2026 9:09 AM
Follow Us:

Last Updated:

Manesar Accident News: गुरुग्राम के मानेसर में 8 साल के लड़के की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान आकाश के रूप में हुई है. यह हादसा उस समय हुआ जब वह अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट अकादमी में खेल रहा था. 

क्रिकेट अकादमी में खेल-खेल में बच्चों से चला रोलर, दबकर 8 साल के मासूम की मौतZoom

मानेसर में बड़ा हादसा. (सांकेतिक तस्वीर)

गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां अनजाने में बच्चों से कुछ ऐसा हो गया कि एक मासूम की जान ही चली गई. दरअसल, आईएमटी मानेसर स्थित क्रिकेट अकादमी में दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां एक बच्चे की पिच रोलर के नीचे दबकर मौत हो गई. पुलिस की माने तो करीब 750 किलो वजनी रोलर को बच्चों ने गलती से चालू कर दिया था. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

बच्चों ने गलती से चालू कर दिया रोलर
मृतक की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के नालंदा का रहने वाला था और गुरुग्राम में अपने परिवार के साथ रहता था. घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है. आकाश अपने बड़े भाई नील और दो अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट अकादमी में मौजूद था. तभी बच्चे उस रोलर पर चढ़ गए, जिसका इस्तेमाल क्रिकेट पिच और मैदान को समतल करने के लिए किया जाता था. एक बच्चे ने गलती से मिनिएचर सर्किट ब्रेकर (MCB) का स्विच ऑन कर दिया. इसके बाद रोलर आगे-पीछे चलने लगा.

रोलर के नीचे दब गया आकाश
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे रोलर को आगे-पीछे कर रहे थे. इसी दौरान आकाश उसके सामने गिर गया और रोलर की चपेट में आ गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाकी बच्चे मौके से भाग गए. कुछ देर बाद अकादमी पहुंचे खिलाड़ियों ने आकाश को जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा देखा. तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

परिवार ने कार्रवाई से किया इनकार
आकाश के मामा विकास कुमार ने बताया कि परिवार को घटना की जानकारी उसके चचेरे भाई नील ने दी थी. शुरुआत में उन्हें बताया गया कि आकाश घायल हुआ है. परिवार को हादसे की गंभीरता और उसकी मौत की जानकारी करीब एक घंटे बाद मिली. परिवार का कहना है कि वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहता. गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि परिवार के बयान के आधार पर BNSS की धारा 194 के तहत जांच की जा रही है. परिवार की ओर से लापरवाही या किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं जताई गई है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now