Last Updated:
Vaman dwadashi mela ambala : अंबाला में वामन द्वादशी मेला 125 साल से होता आ रहा है. उत्तर भारत में ये मेला अंबाला के अलावा सिर्फ पटियाला में ही लगता है. इस बार अंबाला की पुरानी अनाज मंडी में 21, 22 और 23 सितंबर को मेले का आयोजन होगा. लोकल 18 से अंबाला शहर सनातन धर्म सभा के प्रधान नरेश अग्रवाल बताते हैं कि इस मेले में कई मंदिरों से पांच हिंडोले पुरानी अनाज मंडी लाए जाते हैं. 21 सितंबर को पूर्व मंत्री असीम गोयल ठाकुरद्वारा मंदिर से शोभायात्रा की शुरुआत करेंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि हैं. 22 सितंबर को भजन गायिका गौरामणी आएंगी. पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू भी आएंगे.
अंबाला. हरियाणा के अंबाला की पहचान सिर्फ ब्रिटिशकालीन इमारतों और पुराने बाजारों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की धार्मिक परंपराएं भी इसकी विरासत का अहम हिस्सा हैं. इन्हीं परंपराओं में शामिल है ऐतिहासिक वामन द्वादशी मेला जिसका आयोजन पिछले करीब 125 वर्षों से होता आ रहा है. उत्तर भारत में इस मेले का आयोजन अंबाला और पटियाला में ही किया जाता है. इस बार अंबाला शहर की पुरानी अनाज मंडी में 21, 22 और 23 सितंबर को मेले का आयोजन होगा. मेले की सबसे खास बात भगवान वामन के पांच हिंडोले हैं, जो अंबाला शहर के अलग-अलग मंदिरों से शोभायात्रा के रूप में पुरानी अनाज मंडी पहुंचेंगे. पहला हिंडोला बड़ा ठाकुरद्वारा मंदिर से लाया जाएगा. तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्रा और दूसरे आकर्षण भी रहेंगे.
कहां मिलेंगे बाकी हिंडोले
लोकल 18 से अंबाला शहर सनातन धर्म सभा के प्रधान नरेश अग्रवाल बताते हैं कि वामन द्वादशी मेले का इतिहास बहुत पुराना है. सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजित इस मेले में कई मंदिरों से पांच हिंडोले पुरानी अनाज मंडी लाए जाते हैं. इसके बाद उन्हें भव्य पंडाल में विराजमान करवाया जाता है, जहां श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे. 21 सितंबर को पूर्व मंत्री असीम गोयल ठाकुरद्वारा मंदिर से शोभायात्रा की शुरुआत करेंगे. इस दौरान वह पहला हिंडोला स्वयं उठाकर शोभायात्रा में शामिल होंगे. इसके बाद शोभायात्रा अंबाला शहर के बाजारों से होकर गुजरेगी, जिसमें दूसरे मंदिरों से आने वाले चार हिंडोले भी शामिल होंगे. सभी हिंडोलों को पुरानी अनाज मंडी में स्थापित किया जाएगा.
नरेश अग्रवाल बताते हैं कि हिंडोलों की स्थापना के बाद शाम को भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा. इस दौरान श्रद्धालुओं पर ड्रोन के माध्यम से फूलों की वर्षा भी की जाएगी. कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे. पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू अपनी प्रस्तुति देंगे. 22 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय भजन गायिका गौरामणी आएंगी. 22 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होंग. इस दिन कृष्ण बेदी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे.
मेले के अंतिम दिन (23 सितंबर) कई बैंडों की सलामी के बाद पुरानी अनाज मंडी से शोभायात्रा निकाली जाएगी. यह शोभायात्रा अंबाला शहर के विभिन्न बाजारों से होती हुई ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंचेगी, यहां नवरंग राय तालाब में भगवान वामन के हिंडोलों को डुबकी लगाई जाएगी. इसके बाद सभी हिंडोले अपने-अपने मंदिरों में वापस ले जाकर स्थापित किए जाएंगे. शोभायात्रा में जयपुर का विष्णु बैंड, आगरा का सुदीत बैंड, बालाजी बैंड, कमल बैंड, ग्रेट पॉपुलर बैंड, रवि बैंड और महादेव बैंड शामिल होंगे. मेरठ से झांकियां भी मंगवाई गई हैं.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
और पढ़ें









