Last Updated:
Gurugram News : गुरुग्राम में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. सेक्टर-70ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन कॉलोनी के करीब 80 मकानों को कारण बताओ नोटिस दिया है. इन मकानों में नक्शे और कब्जा प्रमाण पत्र के उल्लंघन का आरोप है.
गुरुग्राम की BPTP एस्टेयर गार्डन कॉलोनी में 80 मकानों को नोटिस. (एआई तस्वीर)
गुरुग्राम : अगर आप गुरुग्राम की किसी कॉलोनी में रहते हैं और घर में अपनी मर्जी से नक्शे से ज्यादा निर्माण कर रखा है, तो यह खबर आपके काम की है. शहर में अवैध निर्माण और बिना मंजूरी चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. सेक्टर-70ए की बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन कॉलोनी में करीब 80 मकानों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है. विभाग का कहना है कि इन घरों में मंजूर नक्शे और कब्जा प्रमाण पत्र के नियमों का उल्लंघन मिला है. मकान मालिकों को एक सप्ताह में निर्माण को स्वीकृत नक्शे के मुताबिक करने को कहा गया है. ऐसा नहीं करने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई हो सकती है.
घर में दुकान या PG चलाया तो होगी कार्रवाई
नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग कॉलोनियों का सर्वे कर रहा है. इस दौरान जिन मकानों में नक्शे के विपरीत निर्माण या व्यावसायिक गतिविधियां मिल रही हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, अगर किसी घर में दुकान या दूसरी व्यावसायिक गतिविधि चलती मिली तो उसे सील किया जा सकता है. शुक्रवार को अलीमुद्दीनपुर गांव में भी विभाग ने कार्रवाई की. यहां अवैध रूप से बनी एक मार्केट को तोड़ दिया गया. मार्केट में करीब 10 दुकानें बनाई गई थीं. पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई हुई और किसी तरह का विरोध नहीं हुआ. वहीं, सेक्टर-18 में HSVP ने अधिग्रहित जमीन पर बने एक ढाबे, दो कबाड़ी गोदाम, सात खोखे और एक धर्म कांटे को भी हटाया.
सुशांत लोक में आज होगी सीलिंग और तोड़फोड़
सुशांत लोक बी ब्लॉक में शनिवार को व्यापार केंद्र के आसपास भी कार्रवाई प्रस्तावित है. यहां जिन मकानों में PG, गेस्ट हाउस या दूसरी व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं, उन्हें सील किया जा सकता है. इसके लिए विभाग ने पुलिस बल की मांग की है.
गैंगस्टर के साथी के अवैध निर्माण पर भी चला बुलडोजर
शुक्रवार को नाहरपुर रूपा गांव में पुलिस और संबंधित विभागों ने एक अपराधी के अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया. पुलिस के अनुसार, यह निर्माण गैंगस्टर कौशल चौधरी के साथी कृष्ण से जुड़ा था. अधिकारियों ने बताया कि अवैध ढांचे को गिराकर जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया. पुलिस के मुताबिक, कृष्ण के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत 11 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं.
About the Author

Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ें












