Haryana News: हांसी जिले से शनिवार को एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले के पेटवाड़ गांव में बाइक सवार बदमाश ने एक आढ़ती और प्रॉपर्टी कारोबारी धर्मपाल के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाश ने घर के बाहर पहुंचकर कारोबारी का नाम लेकर आवाज लगाई। जब कोई बाहर नहीं आया तो उसने घर पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया।
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
वारदात के समय कारोबारी पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे, जबकि घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के सदस्य सहम गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित कारोबारी के मुताबिक, 2 करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। 23 नवंबर को उन्हें फोन और मैसेज के जरिए गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से रंगदारी की धमकी मिली थी। घटना के बाद पुलिस ने आढ़ती के घर के बाहर चार पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं।
सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत का है गांव
पेटवाड़ गांव चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत का पैतृक गांव है। यह नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ का भी पैतृक गांव है। फायरिंग की घटना वाली जगह से सीजेआई का घर करीब डेढ़ किलोमीटर और विधायक का घर करीब दो किलोमीटर दूर है।
घर पर चलाईं चार गोलियां
धर्मपाल ने बताया कि वे प्रॉपर्टी कारोबार के साथ-साथ नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान नंबर 10 भी संभालते हैं। 23 नवंबर को उन्हें फोन और मैसेज के जरिए रंगदारी की धमकी मिली थी। इसके बाद से परिवार चिंता में था। धर्मपाल के बेटे उमेश ने बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा 9 बजे एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचा। उसने घर के बाहर से उनके पिता धर्मपाल का नाम लेकर आवाज लगाई। जब कोई बाहर नहीं आया तो आरोपी ने घर के मुख्य गेट पर एक गोली चलाई। इसके बाद वह घर के अंदर घुसा और 3 राउंड और फायर किए। इनमें से तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में लगीं। आरोपी ने अपना चेहरा ढका हुआ था।
फायरिंग से दहशत में परिवार
उमेश ने बताया कि घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बच्चे, भाई-भाभी, उनके बच्चे और मां मौजूद थे। परिवार के किसी सदस्य की किसी से कोई कहासुनी या विवाद नहीं है। अचानक हुई फायरिंग से सभी बुरी तरह सहम गए। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है।












