Last Updated:
फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित एक होटल में युवती की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया था. अब इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस ने उसके प्रेमी विपिन को उत्तर प्रदेश के अमेठी से गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में सामने आया कि शादी के लिए परिवार के राजी न होने पर दोनों ने साथ मरने की योजना बनाई थी. लेकिन आरोपी ने चालाकी से प्रेमिका को पानी में चूहे मारने की दवा पिला दी और फरार हो गया.
पुलिस के गिरफ्त में आरोपी प्रेमी. (AI एन्हांस्ड)
फरीदाबाद. शहर के सेक्टर-37 इलाके के एक होटल में बीते दिनों मिली युवती की लाश के मामले को फरीदाबाद पुलिस ने सुलझा लिया है. अपनी महिला मित्र को बहला-फुसलाकर होटल ले जाने और उसे जहर देकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को अपराध शाखा डीएलएफ (DLF) की टीम ने धर दबोचा है. पकड़े गए आरोपी की पहचान विपिन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के टीका मांडिया पूर्वा खड़कपुर का रहने वाला है. वह हाल ही में फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी, कुरैशीपुर में रह रहा था.
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, इस घटना की शुरुआत 23 नवंबर को हुई थी. मृतका के भाई ने थाना धौज में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन घर से पढ़ाई करने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी. पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी. अगले ही दिन यानी 24 नवंबर को कंट्रोल रूम में सूचना आई कि थाना सेक्टर-37 क्षेत्र के एक होटल के कमरे में युवती का शव पड़ा है. मौके पर पहुंची टीम ने जांच की, तो उसकी शिनाख्त उसी लापता छात्रा के रूप में हुई. इसके बाद परिजनों के बयान के आधार पर मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं.
साथ मरने का झांसा देकर पिलाई चूहे मारने की दवा
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच अपराध शाखा डीएलएफ को सौंपी गई. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर 28 नवंबर को विपिन को अमेठी से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, वह बेहद हैरान करने वाली थी. विपिन ने कबूल किया कि वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार वाले इस रिश्ते से खुश नहीं थे. इसी वजह से दोनों ने एक साथ जान देने की योजना बनाई.
तय प्लान के तहत 23 नवंबर को वह युवती को बहला-फुसलाकर सेक्टर-37 के होटल में ले गया. वह पहले से ही अपने साथ चूहे मारने की दवा लेकर आया था. कमरे में पहुंचने के बाद उसने वह जहरीली दवा पानी में घोली और युवती को पिला दी. युवती की हालत बिगड़ते ही उसने खुद जहर खाने के बजाय वहां से भागने का रास्ता चुना.
पुलिस को गुमराह करने के लिए छोड़ा झूठा नोट
आरोपी बेहद शातिर निकला. होटल से फरार होने से पहले उसने जांच की दिशा भटकाने के लिए एक बड़ा नाटक रचा. उसने अपने मरने का एक फर्जी नोट लिखा और उसे कमरे में ही छोड़ दिया, ताकि पुलिस को लगे कि उसने भी कहीं जाकर आत्महत्या कर ली है. इसके बाद वह चुपचाप शहर छोड़कर अपने गांव अमेठी भाग गया.
तीन दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
फरीदाबाद पुलिस ने शनिवार 28 नवंबर को विपिन को अदालत में पेश किया. कोर्ट ने मामले की गहराई से छानबीन के लिए उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. अब जांच अधिकारी उससे इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं, जहर खरीदने के ठिकाने और फरारी के दौरान मदद करने वालों के बारे में गहन पूछताछ कर रहे हैं.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …











