Last Updated:
Palwal Farmer Success Story: हरियाणा के पलवल जिले के प्रगतिशील किसान संदीप गोयल ने गाय पालने के अपने शौक को लाखों के मुनाफे वाले बिजनेस में बदल दिया है. 90 गायों की गौशाला चला रहे संदीप गाय के दूध से बनी आइसक्रीम, घी और गोबर से तैयार लकड़ी व जैविक खाद बेचकर हर महीने 3 से 4 लाख रुपये कमा रहे हैं. इतना ही नहीं, वह गोबर से बायोगैस बनाकर अपने घर का चूल्हा भी जला रहे हैं.
Palwal Farmer Success Story: कहते हैं कि अगर इंसान के अंदर कुछ अलग करने का जुनून हो, तो शौक भी एक दिन उसकी पहचान बन जाता है. ऐसा ही कुछ कर दिखाया है हरियाणा के एक प्रगतिशील किसान ने. गाय पालने के शौक से शुरू हुआ सफर आज बड़े व्यापार तक पहुंच गया है. खेती और पशुपालन में अपनी अलग पहचान बनाने वाले इस किसान को हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है. खास बात यह है कि पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करते हुए ये किसान गाय के गोबर से बायोगैस तैयार कर रहे हैं, जिससे घर का चूल्हा जलाया जा रहा है.
शौक से शुरू हुआ सफलता का सफर
हरियाणा राज्य के पलवल जिले के रहने वाले संदीप गोयल का गाय पालने का शौक कब एक बड़े कारोबार में बदल गया, इसका अंदाजा शायद खुद इन्हें भी नहीं था. करीब 7 साल पहले इन्होंने गाय के दूध से आइसक्रीम बनाने का बिजनेस शुरू किया था. शुरुआत भले ही छोटी रही हो, लेकिन मेहनत और गुणवत्ता के दम पर आज इनकी आइसक्रीम की मांग हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक पहुंच चुकी है. इस कारोबार से हर महीने करीब 3 से 4 लाख रुपये की कमाई हो रही है.
90 गायों की अपनी गौशाला
संदीप गोयल ने अपनी खुद की गौशाला बनाई हुई है, जहां करीब 90 गायों का पालन-पोषण किया जा रहा है. गायों की देखभाल से लेकर उनके दूध और गोबर के इस्तेमाल तक हर चीज को कारोबार से जोड़ दिया है. गाय के दूध से आइसक्रीम तैयार की जाती है, वहीं गाय के घी की भी बिक्री की जाती है. इस तरह पशुपालन इनके लिए केवल शौक नहीं, बल्कि रोजगार का बड़ा माध्यम बन चुका है.
गोबर भी बना कमाई का जरिया
इनकी खासियत सिर्फ दूध और घी के कारोबार तक सीमित नहीं है. गाय के गोबर का भी भरपूर उपयोग किया जा रहा है. गोबर से लकड़ी तैयार की जाती है, जिसका इस्तेमाल हवन-यज्ञ के साथ श्मशान घाटों में भी किया जाता है. इसके अलावा गोबर से जैविक खाद तैयार कर दूसरे किसानों को भी सप्लाई की जाती है. यानी गौशाला से निकलने वाली हर चीज का उपयोग कर इन्होंने एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिसमें कुछ भी बेकार नहीं जाता.
गोबर गैस से जलता है घर का चूल्हा
पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करते हुए ये किसान गोबर से बायोगैस भी तैयार कर रहे हैं. इसी गैस से घर का चूल्हा जलाया जाता है. इससे रसोई में ईंधन की जरूरत पूरी करने के साथ-साथ गोबर का बेहतर इस्तेमाल भी हो रहा है.
लोकल फॉर वोकल से बढ़ा कारोबार
इनके कारोबार को आगे बढ़ाने में हरियाणा सरकार की ‘लोकल फॉर वोकल’ पहल का भी योगदान रहा है. स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से आइसक्रीम की बिक्री में इजाफा हुआ. आज इनका उत्पाद कई जिलों तक पहुंच रहा है. मुख्यमंत्री हरियाणा द्वारा सम्मानित किया जाना भी इनके लिए बड़ी उपलब्धि है.
About the Author

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…










