Delhi Nursery Admission Rules NCR: एनसीआर के प्राइवेट स्कूल में नर्सरी एडमिशन का नियम क्या है? दिल्ली से कितना अलग है प्रोसेस?

On: November 29, 2026 3:31 AM
Follow Us:

नई दिल्ली (Delhi Nursery Admission Rules NCR). दिल्ली के शिक्षा निदेशालय (DoE) ने एकेडमिक सेशन 2027-28 के लिए नर्सरी, केजी और क्लास 1 में एडमिशन का शेड्यूल जारी कर दिया है. 1 दिसंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी. सभी पेरेंट्स की कोशिश रहती है कि उनके बच्चे का एडमिशन घर के पास किसी बेहतरीन प्राइवेट स्कूल में हो जाए. लेकिन इस बीच सबसे ज्यादा कन्फ्यूजन उन पेरेंट्स को हो रहा है जो दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम या फरीदाबाद जैसे NCR के शहरों में रहते हैं.

कई पेरेंट्स मान लेते हैं कि दिल्ली सरकार के अन्य नियमों की तरह स्कूल में एडमिशन की गाइडलाइंस भी पूरे एनसीआर में एक जैसी लागू होती हैं. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. जब पेरेंट्स बिना डिटेल्स चेक किए एनसीआर के स्कूलों में दिल्ली वाले नियमों के हिसाब से आवेदन करने जाते हैं तो उन्हें निराशा हाथ लगती है. समझिए दिल्ली के नियम नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के स्कूलों पर लागू क्यों नहीं होते और वहां एडमिशन का असली गणित क्या है.

दिल्ली और NCR में क्या अंतर है?

एनसीआर यानी नेशनल कैपिटल रीजन में सिर्फ दिल्ली ही नहीं आती, बल्कि इसके चारों तरफ बसे पड़ोसी राज्यों के शहर भी शामिल हैं. इसमें उत्तर प्रदेश के नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ; हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत; वहीं राजस्थान का अलवर जिला भी इसी में आता है. भले ही ये सभी शहर आपस में जुड़े हुए हैं और लोग रोज एक शहर से दूसरे शहर आना-जाना करते हैं, लेकिन प्रशासनिक तौर पर ये अलग-अलग राज्यों के अधीन हैं.

दिल्ली के नर्सरी एडमिशन नियम क्यों खास हैं?

दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं. दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद शिक्षा निदेशालय हर साल गाइडलाइंस जारी करता है. इसके तहत स्कूल एडमिशन के लिए बच्चों या पेरेंट्स का इंटरव्यू नहीं ले सकते और न ही डोनेशन मांग सकते हैं. कोर्ट ने ऐसे 62 मनमाने मानदंडों पर रोक लगाई है. दिल्ली के स्कूलों को 100 नंबरों का ट्रांसपेरेंट ‘पॉइंट सिस्टम’ बनाना होता है. इसमें घर से स्कूल की दूरी, भाई-बहन का पहले से उसी स्कूल में पढ़ना और माता-पिता का एक्स स्टूडेंट होना जैसे आधार पर नंबर दिए जाते हैं. टाई होने पर कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ निकाला जाता है.

NCR के स्कूलों में दिल्ली के नियम क्यों नहीं चलते?

इसका सीधा जवाब है- ‘अधिकार क्षेत्र’. दिल्ली का शिक्षा निदेशालय केवल दिल्ली की सीमा के अंदर आने वाले स्कूलों को ही निर्देश दे सकता है. इसी तरह दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश भी सिर्फ दिल्ली के स्कूलों पर लागू होते हैं. नोएडा-गाजियाबाद पर उत्तर प्रदेश सरकार के नियम चलते हैं तो गुरुग्राम-फरीदाबाद पर हरियाणा सरकार का कानून लागू होता है. यही वजह है कि दिल्ली की एडमिशन गाइडलाइंस का NCR के प्राइवेट स्कूलों से कोई लेना-देना नहीं है.

तो फिर NCR के स्कूलों में एडमिशन कैसे होता है?

एनसीआर के शहरों में नर्सरी एडमिशन के लिए दिल्ली जैसा कोई एक सेंट्रल कैलेंडर या कॉमन पॉइंट सिस्टम नहीं होता. यूपी और हरियाणा के इन जिलों में प्राइवेट स्कूल काफी हद तक अपने स्तर पर एडमिशन प्रक्रिया तय करते हैं.

  • अलग-अलग टाइमलाइन: NCR के कई बड़े प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन की प्रक्रिया अगस्त-सितंबर से ही शुरू हो जाती है, जबकि कुछ स्कूल नवंबर-दिसंबर में फॉर्म निकालते हैं.
  • इंटरैक्शन और रजिस्ट्रेशन: यहां के ज्यादातर स्कूल ‘पहले आओ, पहले पाओ’ या फिर बच्चों और पेरेंट्स के साथ सामान्य ‘इंटरैक्शन सेशन’ (बातचीत) के आधार पर सीटें भरते हैं.
  • प्रशासन की भूमिका: इन जिलों में स्थानीय जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) या बेसिक शिक्षा अधिकारी की निगरानी रहती है. लेकिन वह मुख्य रूप से RTE कोटे और फीस रेगुलेशन तक सीमित होती है.

नोट कर लें काम की सलाह

अगर आप दिल्ली से सटे शहर यानी एनसीआर में रहते हैं और बच्चे का स्कूल में एडमिशन कराना चाहते हैं तो दिल्ली के शेड्यूल का इंतजार न करें. अपने पसंदीदा स्कूलों की ऑफिशियल वेबसाइट डायरेक्ट चेक करें या स्कूल के एडमिशन ऑफिस जाकर पता करें. कई प्राइवेट स्कूलों में सीटें शेड्यूल से पहले ही भरनी शुरू हो जाती हैं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now