नई दिल्ली. हरियाणा के सोनीपथ से एक ऐसा हैरान करने वाली घटना सामने आई है जिसने मां बेटी के रिश्ते को तार तार कर दिया. सेक्टर-15 में एक महिला की संदिग्ध मौत होने की घटना सामने आई. शुरुआत में तो इसे करंट लगने की वजह से हुई मौत माना जा रहा था. जब पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखी तो पूरी कहानी बदल दी. जिस मौत को हादसा बताया जा रहा था वो सोची समझी साजिश निकली.
शुरुआती तौर पर महिला की मौत करंट लगने से होना बताया गया था. जब पुलिस ने इस मामले की जांच की तो पता चला कि जान बिजली के झटके से नहीं गई. मरने वाली महिला का मुंह दबाकर रखा गया था और फिर हाथों से गला घोंटा गया. दम घुटने की वजह से महिला की मौत हुई. पुलिस ने मामले में मृतका की बेटी के दोस्त विशाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि जब मामले में गंभीरता से पूछताछ की गई तो विशाल ने हत्या की बात स्वीकार कर ली.
पुलिस के मुताबिक तीन अक्टूबर को बीपीएस खानपुर अस्पताल से सूचना मिली थी. बताया गया था कि सेक्टर-15 के मकान नंबर 3381 में रहने वाली रामेश्वरी पत्नी जगमोहन की करंट लगने से मौत हो गई है. सूचना मिलने के बाद जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो वहां रामेश्वरी की बेटी जानवी, उसका दोस्त विशाल और अन्य लोग मौजूद थे. पुलिस को शक तब हुआ जब जानवी बार-बार अपनी मां का पोस्टमार्टम ना कराने पर जोर दे रही थी. बाद में उसने और विशाल ने बताया कि रामेश्वरी के बाएं हाथ पर करंट लगा था.
जानवी और विशाल ने सिर्फ मृतक महिला के बाएं हाथ का पोस्टमार्टम कराने की बात कही थी. पुलिस के समझाने के बाद शव के पोस्टमार्टम पर सहमति बनी. समय कम होने की वजह से शव को फ्रिजर में रखवा दिया गया.चार अक्टूबर को जब शव का पोस्टमार्टम किया गया तो सारा भेद खुल गया. चिकित्सक ने बताया कि महिला की मौत करंट लगने से नहीं हुई. गला दबाए जाने के कारण उसकी मौत हुई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानकर जांच तेज कर दी. एफएसएल टीम की मौजूदगी में कमरे की जांच की गई. वहां से खून से सनी डबल बेड की चादर और एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मुंह दबाने और हाथ से गला घोंटने के कारण दम घुटना बताया गया.
पुलिस की जांच में जो बात सामने आई वो बेहद चौंकाने वाली थी. उनके अनुसार जानवी और विशाल एक दूसरे से प्यार करते थे. दोनों रामेश्वरी के साथ किराये के मकान में रह रहे थे. पुलिस के मुताबिक विशाल ने पूछताछ के दौरान बताया कि महिला अपनी बेटी का शादी उसके साथ नहीं करना चाहती थी. रामेश्वरी ने दोनों के रिश्ते और शादी से इनकार कर दिया था. इसी वजह से दोनों ने हत्या की योजना बनाई. पुलिस के अनुसार दो अक्टूबर को योजना बनाई गई थी. तीन अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे जब रामेश्वरी कमरे में सो रही थी, तब विशाल ने उसका मुंह दबाया और फिर गला घोंट दिया. उसकी दम घुटने से मौत हो गई.














