Haryana News: त्योहारी व धार्मिक यात्रा के सीजन को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने एफटीआर स्पेशल ट्रेन चलाने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। 18 अत्याधुनिक एलएचबी कोचों से लैस यह ट्रेन 8 अक्तूबर को राजस्थान के बाड़मेर से रवाना होगी और देश के प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों से होते हुए 22 अक्तूबर को बाड़मेर पहुंचेगी।
समय सारिणी का सख्ती से पालन
उत्तर रेलवे तथा उत्तर-पश्चिम रेलवे मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार, ट्रेन के बेहतर रखरखाव और यात्रियों की सुविधा के लिए सभी मंडलों (जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, दिल्ली, लखनऊ, अंबाला, फिरोजपुर आदि) को समय-सारिणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेशन के हिसाब से समय-सारिणी
ट्रेन नंबर 00487 कल यानी 8 अक्तूबर को बाड़मेर से दोपहर 1 बजे यात्रा प्रारंभ करेगी। ट्रेन बीच रास्ते बालोतरा, जोधपुर, फुलेरा, रेवाड़ी, मेरठ सिटी, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, मुरादाबाद, लखनऊ, अयोध्या धाम, बनारस, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, गया, पारसनाथ, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, आगरा कैंट, जोधपुर और बालोतरा से होते हुए 22 अक्तूबर को वापस बाड़मेर पहुंचेगी।
सुरक्षा व प्रशासनिक दिशा-निर्देश
सभी वातानुकूलित कोचों में बेडरोल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, जो निर्धारित व्यावसायिक औपचारिकताओं के पूरा होने पर लागू होगा। आईआरसीटीसी जयपुर द्वारा सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 30 लाख रुपये जमा किए गए हैं।













