गुरुग्राम : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया है. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की टीम सुबह करीब 7:48 बजे सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में उनके आवास पर पहुंची. बताया जा रहा है कि ध्रुव राठी की मां के दरवाजा खोलते ही पुलिसकर्मी घर के अंदर दाखिल हो गए. सूत्रों के अनुसार, पुलिस की करीब 50 सदस्यीय टीम देर रात से ही उनके घर के बाहर मौजूद थी. इसके बाद पुलिस ध्रुव राठी को अपने साथ ले गई. हालांकि, उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
हालांकि, CJP के X हैंडल पर किए गए एक पोस्ट के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे सादे कपड़ों में लगभग 50 पुलिसकर्मी गुरुग्राम स्थित ध्रुव राठी के घर पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया.
(साभार- एक्स @CJP_for_India)
कौन हैं ध्रुव राठी?
उन्होंने यूट्यूब पर शुरुआत एक ट्रैवल व्लॉग से की थी. बाद में उनका कंटेंट धीरे-धीरे सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों की तरफ बढ़ा. एल-जजीरा के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनका पहला वीडियो ट्रैवल व्लॉग था, जिसे उन्होंने आईफोन 5एस से शूट किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2013 के आसपास उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया था और शुरुआती दौर में तकनीक तथा पर्यावरण से जुड़े विषयों पर काम किया. बाद में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दे उनके चैनल का बड़ा हिस्सा बन गए.
बहादुरगढ़ में पुलिस अलर्ट, दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी
दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट को देखते हुए बहादुरगढ़ में पुलिस अलर्ट मोड पर है. दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी है. पुलिसकर्मी दिल्ली जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं. संदिग्ध वाहनों और बसों की भी जांच की जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नाकों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. पुलिस ने टिकरी बॉर्डर, झाड़ौदा बॉर्डर, यूईआर, रोहद टोल प्लाजा और कानोंदा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाके लगाए हैं. पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर की जा रही है.
सोनीपत में रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ता डिटेन, सिंधु बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात
सोनीपत में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सोनीपत रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. स्टेशन परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. वहीं, दिल्ली जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. कुंडली-सिंधु बॉर्डर पर पुलिसकर्मियों के साथ वाटर कैनन, आंसू गैस, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं. दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली जाने वाली कुछ ट्रेनों को भी रद्द किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है.






