Haryana News: पानीपत से मंगलवार को बड़ी खबर सामने आई है। शिव नगर स्थित एक धागा फैक्टरी में सुबह भीषण आग लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। मृतक की पहचान रिशु के रूप में हुई है। घायल मजदूर धनेश्वर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल से रेफर कर दिया गया।
गुप्ता फैक्ट्री में हुआ हादसा
किशनपुरा के पास शिव नगर के इंडस्ट्रियल एरिया में श्मशान के पीछे स्थित गुप्ता फैक्टरी में मंगलवार अहले सुबह आग लग गई। फैक्टरी में धागा बनाने का काम होता था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
दमकल की 5 गाड़ियां पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों की मदद से कर्मचारियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में रिशु की मौत हो गई, जबकि धनेश्वर गंभीर रूप से झुलस गया।
बड़ी मुश्किल से आग पर काबू
पानीपत फायर ब्रिगेड के लीडिंग फायरमैन एवं नोडल अधिकारी अमित गोस्वामी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
एक की मौत, दूसरा घायल
उन्होंने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौत हुई है और दूसरा घायल है। फैक्टरी में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।












