Last Updated:
Gohana Murder: हरियाणा के गोहाना में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर रोडरेज के दौरान बदमाशों ने गोली मारकर सिरसा निवासी प्रह्लाद की हत्या कर दी. प्रह्लाद एक कपड़ा शोरूम में मैनेजर थे और हादसे के बाद ईको सवारों से पूछताछ की जा रही है.
गोहाना में शोरूम मैनेजर की हत्या.
गोहाना. हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर मामूली सड़क हादसे के बाद रोडरेज की वारदात सामने आई है. पीछे से कार में टक्कर मारकर भाग रहे ईको सवार युवकों को रोकना दो कार सवारों को भारी पड़ गया. टक्कर का कारण पूछने पर आरोपियों ने गोली चला दी. गोली लगने से सिरसा निवासी प्रह्लाद की मौत हो गई. प्रह्लाद एक कपड़ा शोरूम में रीजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. वारदात के बाद आरोपी ईको गाड़ी लेकर फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार सिरसा निवासी प्रह्लाद मंगलवार को अपने साथी कर्मवीर के साथ कैथल में नए कपड़ा शोरूम की ओपनिंग में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों देर रात अपनी कार से रोहतक वापस लौट रहे थे. उन्होंने वापसी के लिए जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे का रास्ता चुना था.
रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद ईको चालक रुकने की बजाय गाड़ी लेकर फरार होने लगा. इसके बाद प्रह्लाद और कर्मवीर ने ईको का पीछा किया. गोहाना के बरोदा थाना के क्षेत्र में रुखी और आहुलाना गांव के बीच दोनों ने ईको गाड़ी को रुकवा लिया.
आरोप है कि टक्कर का कारण पूछने के लिए जैसे ही प्रह्लाद और कर्मवीर कार से नीचे उतरे तो ईको सवार युवकों के साथ उनकी बहस हो गई. इसी दौरान आरोपियों ने गोली चला दी. गोली प्रह्लाद की बाजू में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ईको गाड़ी लेकर फरार हो गए.
बाजू में लगी थी गोली, पूरे मामले पर पुलिस को शक
इसके बाद कर्मवीर घायल प्रह्लाद को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई. कर्मवीर ने पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी है. वहीं पुलिस को बाजू में एक गोली लगने के बावजूद प्रह्लाद की मौत होने को लेकर कुछ संशय है. एसीपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल की जांच और पोस्टमार्टम सहित अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है. बरोदा थाना पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…












