Last Updated:
How to get ayushman card : हरियाणा में अब सालाना 6 लाख रुपये से अधिक आय वाले परिवार भी चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना का लाभ उठा सकेंगे. ऐसे परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी. इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर निर्धारित की गई है. इस नई व्यवस्था से मध्यम और उच्च आय वर्ग के उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अचानक गंभीर बीमारी, ऑपरेशन या अस्पताल में भर्ती होने पर लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं. 6 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों के लिए सालाना अंशदान 5 हजार रुपये तय किया गया है. शुल्क जमा करने के बाद पात्रता और कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी.
अंबाला. महंगे इलाज और अस्पतालों के खर्च से परेशान परिवारों के लिए राहत की खबर है. हरियाणा सरकार ने चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना का दायरा बढ़ा दिया है. अब सालाना 6 लाख रुपये से अधिक आय वाले परिवार भी निर्धारित शुल्क जमा करके इस योजना का लाभ उठा सकेंगे. ऐसे परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी. इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर निर्धारित की गई है. ऐसे में जिन परिवारों की सालाना आय अधिक होने के कारण अब तक आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था, उनके पास आवेदन करने का मौका है. सरकार की इस नई व्यवस्था से मध्यम और उच्च आय वर्ग के उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अचानक गंभीर बीमारी, ऑपरेशन या अस्पताल में भर्ती होने पर लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं. योजना के तहत पात्र परिवार सरकारी और पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में निर्धारित उपचार पैकेज के अनुसार कैशलेस इलाज करवा सकेंगे.
कितना जमा करना होगा
लोकल 18 से अंबाला नगर निगम में कार्यरत अधिकारी गौरव आहुजा ने बताया कि सरकार की ओर से चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना का दायरा बढ़ाया गया है. अब 6 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले पात्र परिवार भी निर्धारित 5 हजार रुपये सालाना अंशदान जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं. इसके लिए 30 नवंबर तक आवेदन करने का मौका दिया गया है. 3 लाख रुपये से अधिक और 6 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को सालाना 4 हजार रुपये जमा करने होंगे. 6 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों के लिए सालाना अंशदान 5 हजार रुपये तय किया गया है. शुल्क जमा करने के बाद पात्रता और कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी.
पैकेज में क्या-क्या
चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना के तहत लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाती है. इसमें सर्जरी, कई बीमारियों के इलाज और डे-केयर प्रक्रियाओं सहित कुल 2,694 उपचार शामिल हैं. निर्धारित पैकेज के तहत जरूरी दवाइयों और जांच का खर्च भी शामिल रहता है. पात्र परिवार में सदस्यों की संख्या और उनकी उम्र को लेकर सामान्य रूप से कोई सीमा निर्धारित नहीं है.
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2011 के सर्वे के आधार पर आयुष्मान भारत योजना के तहत अंबाला जिले में अब तक 2 लाख 48 हजार 906 कार्ड बनाए जा चुके हैं. 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए शुरू की गई चिरायु योजना के तहत करीब 3 लाख 60 हजार कार्ड बनाए गए हैं. 1.80 लाख से 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों में 47 हजार 547 परिवार योजना का लाभ ले चुके हैं. अब सरकार ने इससे अधिक आय वाले परिवारों को भी निर्धारित शुल्क के साथ योजना में शामिल होने का मौका दिया है. आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. इच्छुक परिवार चिरायु आयुष्मान हरियाणा के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन का विकल्प चुन सकते हैं, इसके बाद परिवार पहचान पत्र यानी फैमिली आईडी नंबर दर्ज करना होगा. परिवार की आय और पात्रता का सत्यापन होने के बाद निर्धारित शुल्क जमा करने का विकल्प मिलेगा.
भुगतान पूरा होने के बाद कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी. जो लोग खुद ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, वे नजदीकी अटल सेवा केंद्र (CSC) पर जाकर भी आवेदन करवा सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड, फैमिली आईडी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखना उपयोगी होगा. कार्ड से संबंधित प्रक्रिया के लिए NHA बेनिफिशियरी पोर्टल का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
यहां करें संपर्क
वही योजना में कुछ श्रेणियों के लिए अपात्रता के प्रावधान भी हैं. केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS), पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं या अन्य निर्दिष्ट सरकारी चिकित्सा योजनाओं के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने वाले व्यक्तियों पर निर्धारित नियम लागू होंगे. 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को केंद्र सरकार के प्रावधानों के अनुसार आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत कवर किया जाएगा. 6 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार पहचान पत्र धारक भी 5 हजार रुपये सालाना अंशदान देकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं, सरकार की ओर से आवेदन के लिए पोर्टल 30 नवंबर तक खोला गया है. ऐसे में पात्र परिवारों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन कर लेना चाहिए. किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आयुष्मान हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2036 और 14555 पर संपर्क किया जा सकता है.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…










