Last Updated:
Faridabad ki local news : बिहार की मधुबनी पेंटिंग अब एयरपोर्ट से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक अपनी पहचान बना रही है. 26 साल के गौतम कुमार झा परिवार की चौथी पीढ़ी के कलाकार हैं. उनकी टीम अयोध्या, पटना और पूर्णिया एयरपोर्ट पर काम कर चुकी है. जानिए कैसे 35 कलाकारों को मिल रहा रोजगार और क्यों 40 हजार रुपये तक है हाथों से बनी साड़ियों की कीमत. लोकल 18 से गौतम बताते हैं कि बिहार की इस पारंपरिक कला को बड़े मंचों तक पहुंचाया जाए, हमारा यही प्रयास रहता है. हमारे साथ करीब 35 कलाकार इस काम से जुड़े हैं. इससे कई परिवारों की आजीविका चलती है. गौतम के मुताबिक, मधुबनी पेंटिंग सिर्फ हमारी कमाई का जरिया नहीं है, बल्कि यह हमारे परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही पहचान भी है.
फरीदाबाद. भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और सुरक्षित अवसंरचना तैयार करने को लेकर देश-विदेश के विशेषज्ञ फरीदाबाद में एक मंच पर जुटे हैं. 7वें विश्व भूस्खलन मंच (WLF7) में वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के बीच आपदा से बचाव के उपायों पर चर्चा हो रही है. इस आयोजन में बिहार की कला और संस्कृति भी लोगों का ध्यान खींच रही है. यहां मधुबनी पेंटिंग के जरिए बिहार की पारंपरिक कला को दिखाया जा रहा है. इसे बनाने वाले कलाकार अयोध्या, पटना और पूर्णिया जैसे शहरों के एयरपोर्ट पर भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं. 26 साल के युवा कलाकार अपने परिवार की चौथी पीढ़ी के रूप में इस कला को आगे बढ़ा रहे हैं. उनके साथ कई दूसरे कलाकारों को भी रोजगार मिल रहा है. लोकल 18 से मधुबनी के कलाकार गौतम कुमार झा बताते हैं कि बिहार से आया हूं. मधुबनी पेंटिंग से जुड़ा जितना भी काम होता है, उसे मैं देखता हूं. इस आयोजन के लिए अमृता विश्व विद्यापीठम की तरफ से हमें आमंत्रित किया गया था, ताकि हम यहां अपनी कला को प्रदर्शित कर सकें. बचपन से ही मधुबनी पेंटिंग कर रहा हूं.
सिर्फ कागज तक सीमित नहीं
गौतम बताते हैं कि उनकी टीम अयोध्या एयरपोर्ट, पूर्णिया एयरपोर्ट और पटना एयरपोर्ट पर मधुबनी पेंटिंग का काम कर चुकी है. गया में बने विश्वपथ कॉरिडोर में भी हमारा काम देखा जा सकता है. वे कहते हैं कि इन सभी जगहों पर मैंने अपनी टीम और दूसरे कलाकारों के साथ मिलकर काम किया है. हमारा प्रयास रहता है कि बिहार की इस पारंपरिक कला को बड़े मंचों तक पहुंचाया जाए. यह काम सिर्फ कागज तक सीमित नहीं है, बल्कि अब अलग-अलग जगहों पर इसका इस्तेमाल हो रहा है.
ऑर्डर मिलने पर बनाते साड़ियां
गौतम बताते हैं कि वे पूरी तरह मधुबनी पेंटिंग से जुड़े हैं. परिवार के चौथी पीढ़ी के कलाकार हैं. वे कहते हैं कि हम लोग घर पर ही यह काम करते हैं. कागज पर पेंटिंग बनाने के साथ साड़ी, दुपट्टे और हैंडबैग पर भी मधुबनी कला तैयार करते हैं. यह साड़ी पीचा सिल्क पर बनाई गई है. तसर सिल्क, पेपर सिल्क और कॉटन जैसे कपड़ों पर भी काम करते हैं. साड़ियों की कीमत 18 हजार रुपये से शुरू होकर 40 हजार रुपये तक जाती है. ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार डिजाइन चुन सकते हैं. ऑर्डर मिलने पर भी साड़ियां तैयार की जाती हैं.
कपड़ों पर क्यों करते पेंटिंग
गौतम बताते हैं कि मेरे साथ करीब 35 कलाकार इस काम से जुड़े हुए हैं. इससे कई परिवारों की आजीविका चलती है. मधुबनी पेंटिंग सिर्फ हमारी कमाई का जरिया नहीं है, बल्कि यह हमारे परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही पहचान भी है. हम हैंडमेड पेपर पर भी पेंटिंग बनाते हैं. यह कागज कपड़े और पेपर के मिश्रण से तैयार किया जाता है. इसमें इस्तेमाल होने वाले रंग सब्जियों और फूलों से मिलने वाले प्राकृतिक रंगों से बनाए जाते हैं. कपड़ों पर भी खास तरीके से पेंटिंग की जाती है, ताकि रंग लंबे समय तक बने रहें. हमें जहां से विशेष कार्यक्रमों में बुलाया जाता है, वहां हम अपनी कला दिखाते हैं. इस बार हमें फरीदाबाद में आमंत्रित किया है. यहां आने का मकसद अपनी कला और विरासत को दूसरे राज्यों और देशों से आए लोगों तक पहुंचाना है.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…







