500 मेहमानों के लिए शादी का खाना तैयार करवाने में कितना आएगा खर्च? फरीदाबाद के हलवाई जितेंद्र से जानिए

On: November 25, 2026 10:43 PM
Follow Us:

फरीदाबाद. शादियों का सीजन शुरू हो चुका है. ऐसे में शादी में मेहमानों के खाने-पीने की व्यवस्था करना परिवार के लिए एक बड़ा काम होता है. अगर फरीदाबाद में 500 लोगों की शादी का खाना तैयार करवाना है और मेन्यू में चाट से लेकर चार तरह की मिठाई, देसी सब्जियां, दाल, चावल, पूरी और तंदूरी रोटी तक शामिल करनी है, तो इसके लिए पहले से बजट और सामान का हिसाब तैयार करना जरूरी है. फरीदाबाद के दयालपुर गांव के रहने वाले हलवाई जितेंद्र कुमार बताते हैं कि वह पिछले करीब 7 साल से शादी और दूसरे आयोजनों में खाना बनाने का काम कर रहे हैं.

लोकल 18 से जितेंद्र कुमार बताते हैं कि 500 लोगों के खाने का खर्च पूरी तरह मेन्यू पर निर्भर करता है. जितने ज्यादा आइटम होंगे, उतना ही खर्च बढ़ेगा. अगर कोई मिडिल क्लास परिवार कम बजट में शादी का खाना तैयार करवाना चाहता है, तो चार-पांच आइटम के साथ भी अच्छी व्यवस्था हो सकती है. मिठाई में गुलाब जामुन और गाजर का हलवा रखा जा सकता है. सर्दियों में गाजर के हलवे की मांग ज्यादा रहती है. वहीं, ज्यादा बजट होने पर मिठाई में रसगुल्ला, रसमलाई, राजभोग और मूंग दाल का हलवा जैसे विकल्प भी रखे जा सकते हैं.

जितेंद्र कुमार के मुताबिक, 500 लोगों के लिए अगर अच्छा और बड़ा मेन्यू तैयार करवाया जाता है, तो परचून और खाने-पीने के सामान का खर्च करीब एक लाख रुपये तक पहुंच जाता है. इसके अलावा टेंट, हलवाई और दूसरे इंतजामों का खर्च करीब एक से डेढ़ लाख रुपये तक हो सकता है. इस तरह शादी में खाने और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए कुल बजट करीब दो से ढाई लाख रुपये तक पहुंच सकता है. हालांकि, यह खर्च मेन्यू और व्यवस्था के हिसाब से कम या ज्यादा हो सकता है. 500 लोगों का खाना तैयार करने के लिए करीब 10 हलवाई और बाकी काम संभालने वाले 10 अन्य कर्मचारियों की जरूरत पड़ती है. इस तरह लगभग 20 लोगों की टीम मिलकर पूरा खाना तैयार करती है. अगर सब्जियों की बात करें तो कम बजट में आलू-गोभी जैसी देसी सब्जी रख सकते हैं. मिक्स वेज, पनीर बटर मसाला और शाही पनीर जैसे आइटम शामिल करने पर खर्च बढ़ जाता है.

क्या-क्या रख सकते हैं

जितेंद्र कुमार कहते हैं कि शादी के मेन्यू में सूजी के गोलगप्पे, दही भल्ले, पनीर बटर मसाला, शाही पनीर, मिक्स वेज, आलू-गोभी, दाल मखनी, जीरा राइस, पूरी और तंदूरी रोटी रख सकते हैं. इसके साथ बूंदी रायता, हरा सलाद, पापड़, मिक्स अचार, हरी चटनी और इमली की मीठी चटनी भी शामिल की जा सकती है. मिठाई में गुलाब जामुन, गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा और सफेद रसगुल्ला रखा जा सकता है. इस तरह करीब 20 आइटम का पूरा मेन्यू तैयार हो जाता है.

प्लेट के हिसाब से कितना खर्च

जितेंद्र बताते हैं कि कैटरिंग में प्लेट के हिसाब से भी खाना तैयार करवाने की सुविधा है. इसकी शुरुआत करीब 180 रुपये प्रति प्लेट से होती है और मेन्यू के हिसाब से 250 से 400 रुपये तक भी रेट जा सकता है. अगर प्लेट में चार तरह की सब्जियां और दो तरह की मिठाई रखी जाती हैं, तो करीब 220 से 240 रुपये प्रति प्लेट का खर्च आ सकता है. कई परिवार भोज और खाने की व्यवस्था की जिम्मेदारी खुद संभालने के बजाय कैटरिंग को देना पसंद करते हैं.

ऐसे करते हैं काम

जितेंद्र के मुताबिक, उनका ज्यादातर काम लेबर रेट पर होता है. इसमें परिवार की ओर से सामान उपलब्ध कराया जाता है और हलवाई अपनी टीम के साथ खाना तैयार करते हैं. शादी से करीब एक महीने पहले ही सामान की पूरी लिस्ट बनाकर परिवार को दे दी जाती है. इसके बाद शादी से दो-चार दिन पहले सामान मंगवा लिया जाता है और कार्यक्रम से एक दिन पहले मिठाई सहित बाकी तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं. इससे शादी वाले दिन खाने की व्यवस्था में परेशानी नहीं होती.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

मां को गाते देख जागा जुनून, अब सीएम नायब सैनी ने दिया 1 लाख का इनाम, पढ़ें रागिनी गायिका संध्या चौधरी की प्रेरणादायक कहानी

पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 25 IPS और 6 PPS का हुआ तबादला, लिस्‍ट में ADGP नौनिहाल सिंह का नाम भी शामिल

फ़रीदाबाद के होटल में मिला DU की छात्रा का शव, पड़ोसी युवक के साथ रुकी थी, घर पर कहा था कि कॉलेज जा रही हूं, दोस्त गायब

हरियाणाः दहेज में ब्रेजा मांगने के आरोप में दूल्हे समेत 2 बिचौलियों पर FIR दर्ज, 2 दिन तक नहीं हो पाया समझौता

‘वहां के लोग यही चाहते हैं’, पंजाब में अकाली-BJP गठबंधन पर सीएम नायब सैनी की पहली प्रतिक्रिया

हरियाणा में एक और बैंक में स्कैम, खटाखट निकाले गए 100 करोड़, प्राइवेट कंपनी के खाते में पहुंचे, 6 जिलों में हुआ घोटाला