फरीदाबाद: पहाड़ों पर बादल बरस रहे हों, जमीन में दरारें पड़ने लगी हों और ढलान पर पानी जमा हो रहा हो, तो आने वाले खतरे को समय रहते पहचानना अब संभव हो सकता है. जिस आपदा के आने के बाद लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव दल पहुंचते हैं, उसी आपदा से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अलर्ट देकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद कर सकता है. इतना ही नहीं, अगर भूस्खलन हो भी जाए और लोग मलबे में दब जाएं, तो AI से लैस ड्रोन उनकी पहचान करने के साथ दवाइयां और जरूरी सामान भी पहुंचा सकते हैं. फरीदाबाद स्थित अमृता विश्व विद्यापीठम में आयोजित सातवें विश्व भूस्खलन मंच (WLF-7) में ऐसी ही आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया गया, जो आपदा प्रबंधन की तस्वीर बदल सकती है.
अलग-अलग एजेंसियों का डेटा एक जगह लाएगा AI
ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा से जुड़ी तकनीक बनाने वाली कंपनी इन्सपार्क के प्रोडक्ट मैनेजर सिद्धेश Local18 से खास बातचीत में बताते हैं कि किसी भी बड़ी प्राकृतिक आपदा से पहले प्रकृति कई संकेत देती है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश, जमीन में दरारें, ढलान में बदलाव और जमीन के भीतर होने वाली हलचल भूस्खलन के खतरे की जानकारी दे सकती हैं. समस्या यह है कि अलग-अलग एजेंसियों के पास मौजूद जानकारी एक जगह उपलब्ध नहीं होती.
100 साल पुराने रिकॉर्ड से भी होगी खतरे की पहचान
सिद्धेश बताते हैं कि हमारी कंपनी ने डिसास्टर इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म तैयार किया है. इसमें जियोलॉजिकल सर्वे, एरियल ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी, फील्ड रिपोर्ट और रिमोट सेंसर से मिलने वाले डेटा को एक जगह इकट्ठा किया जाता है. इसके बाद कंपनी के अपने ट्रेन किए हुए लोकल लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) की मदद से पुराने और नए आंकड़ों का विश्लेषण किया जाता है. इस प्लेटफॉर्म में 100 साल तक के पुराने रिकॉर्ड भी शामिल किए जा सकते हैं.
सिद्धेश बताते हैं कि AI की मदद से किसी विशेष इलाके में पहले हुई घटनाओं, बारिश की मात्रा, जमीन की स्थिति और सेंसर से मिली जानकारी का मिलान करके खतरे का अनुमान लगाया जा सकता है. उदाहरण के तौर पर किसी क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है और वहां पहले भी भूस्खलन हो चुका है, तो सिस्टम उस इलाके में दोबारा खतरे की संभावना को पहचानकर अलर्ट दे सकता है.
नेपाल की घटना से समझिए समय पर अलर्ट का महत्व
सिद्धेश बताते हैं कि नेपाल में आई आपदा के दौरान भी आसपास के क्षेत्रों में बारिश और पानी जमा होने जैसी स्थितियों के संकेत मौजूद थे. सैटेलाइट इमेजरी के जरिए ऐसी जानकारियां मिल सकती हैं, लेकिन अलग-अलग स्रोतों से आने वाले डेटा का तुरंत विश्लेषण करके चेतावनी जारी करना बड़ी चुनौती है. AI इस काम को तेज कर सकता है. बारिश, जमीन की स्थिति और सैटेलाइट से मिलने वाली तस्वीरों का एक साथ विश्लेषण करके संभावित खतरे की जानकारी पहले ही दी जा सकती है. इससे प्रशासन को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकता है.
ड्रोन बताएगा मलबे में इंसान है या पत्थर
सिद्धेश बताते हैं कि आपदा आने के बाद राहत पहुंचाने के लिए ड्रोन रिलीफ कोऑर्डिनेशन एंड कंट्रोल सेंटर (DRCC) बनाया गया है. इसके जरिए अलग-अलग ड्रोन से मिलने वाली जानकारी को एक जगह देखा और नियंत्रित किया जा सकता है. AI और थर्मल कैमरे की मदद से मलबे के नीचे फंसे इंसान की पहचान करने में सहायता मिलती है. ड्रोन से मिलने वाले लोकेशन डेटा के आधार पर बचाव दल को संबंधित जगह तक पहुंचने में मदद मिलती है.
दवाइयों से लेकर राशन तक पहुंचाएंगे ड्रोन
सिद्धेश बताते हैं कि कुछ ड्रोन करीब दो किलोग्राम तक राहत सामग्री ले जा सकते हैं. इनके जरिए दवाइयां और जरूरी मेडिकल सामान प्रभावित लोगों तक पहुंचाया जा सकता है. वहीं, बड़े ड्रोन 15 किलोग्राम से लेकर 100 किलोग्राम तक सामग्री ले जाने में सक्षम हैं. अगर भूस्खलन के कारण कोई गांव सड़क संपर्क से कट जाता है, तो वहां राशन और जरूरी सामान पहुंचाने में इनका इस्तेमाल किया जा सकता है.
फरीदाबाद में इस अंतरराष्ट्रीय मंच में वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने AI, उपग्रह निगरानी और पूर्व चेतावनी प्रणालियों पर चर्चा की. इसका मकसद तकनीक के जरिए भूस्खलन से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करना और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित करना है.










