जींद: हरियाणा के जींद में बेटी के जन्म को लेकर परिवार की खुशी और जश्न मनाने का अंदाज चर्चाओं में है. दरअसल, यहां एक कारोबारी परिवार में करीब 60 साल बाद बेटी का जन्म हुआ है. घर में नन्ही परी के आने की खुशी इतनी ज्यादा है कि परिवार ने उसके स्वागत को किसी बड़े उत्सव में बदल दिया. इस खुशी को रिश्तेदारों और करीबियों तक सीमित रखने के बजाय हजारों लोगों के साथ बांटने का फैसला किया गया है. बेटी के स्वागत में ‘राधा का मंगलोत्सव’ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.
मामला जींद जिले के सफीदों का है. यहां के रियल एस्टेट कारोबारी नरेंद्र बैरागी के परिवार में 28 अक्टूबर 2025 को राधा का जन्म हुआ था. परिवार की तीसरी पीढ़ी में वह पहली बेटी है. लंबे समय से घर में बेटी की किलकारी सुनने का इंतजार था. ऐसे में राधा के आने से परिवार में खुशियों का माहौल है. अब इसी खुशी को यादगार बनाने के लिए ऐसा आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां देखकर हर कोई हैरान है.
4 एकड़ में भव्य पंडाल, 5 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था
राधा के स्वागत के लिए सफीदों के जींद रोड स्थित ट्रक यूनियन ग्राउंड को भव्य तरीके से सजाया गया है. यहां करीब 4 एकड़ जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है. इतने बड़े आयोजन में हजारों गाड़ियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 5 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है. मेहमानों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है. वीवीआईपी, वीआईपी और सामान्य मेहमानों के लिए अलग-अलग पार्किंग बनाई गई हैं. कार्यक्रम में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सैकड़ों स्वयंसेवकों, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
71 तरह के पकवानों से सजेगी मेहमानों की थाली
इस समारोह की सबसे खास बात यहां होने वाला खानपान है. मेहमानों के लिए एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 71 तरह के पकवानों की खास थाली तैयार की जा रही है. इसमें विदेशी फलों से लेकर देसी हरियाणवी स्वाद तक का पूरा इंतजाम है. खाने के मेन्यू में 10 तरह के स्नैक्स, 9 प्रकार की सब्जियां और 7 तरह की मिठाइयां रखी गई हैं. इसके अलावा अलग-अलग किस्म की रोटियां, फास्ट फूड और पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे. हरियाणा की मिट्टी और खानपान की पहचान बनाए रखने के लिए हरा साग, गुड़, शक्कर और बूरा भी शामिल किया गया है. खास बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर भोजन तैयार करना भी अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है. इसके लिए 500 से ज्यादा कारीगर लगाए गए हैं, जबकि मेहमानों को खाना परोसने के लिए करीब 1000 वेटर तैनात रहेंगे. स्वागत के लिए जोधपुरी लड्डू भी तैयार करवाए गए हैं.
राधा रानी के भजनों से गूंजेगा पूरा समारोह
राधा के नाम पर रखे गए इस उत्सव की थीम भी भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय राधा रानी को समर्पित है. कार्यक्रम में भक्ति और हरियाणवी संस्कृति का शानदार मेल देखने को मिलेगा. वृंदावन के कुंज बिहारी दास जी महाराज के साथ उमा लहरी, शीतल पांडेय और मयंक बृजवासी जैसे भजन गायकों को भी बुलाया गया है. वहीं हरियाणवी संगीत प्रेमियों के लिए भी खास इंतजाम हैं. अमित सैनी रोहतकिया, केडी, एमडी, बिंदर दनौदा और गगन जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. स्थानीय लोक कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. यानी सुबह से शाम तक कहीं भजन-कीर्तन की गूंज रहेगी तो कहीं हरियाणवी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी.
दोपहर 3 बजे होगी कुआं पूजन की रस्म
समारोह में पारिवारिक परंपराओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है. परिवार में दशकों से चली आ रही कुआं पूजन की परंपरा के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 बजे यह रस्म निभाई जाएगी. परिवार का कहना है कि राधा के जन्म की खुशी मनाने के साथ-साथ समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना भी इस आयोजन का मकसद है. परिवार इस आयोजन के जरिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश भी देना चाहता है. उनका मानना है कि बेटी का जन्म किसी भी परिवार के लिए खुशियों का अवसर है और इसे पूरे उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए.
कई बड़े नेता और संत भी हो सकते हैं शामिल
राधा के स्वागत में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई बड़ी हस्तियों को भी न्योता भेजा गया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर, कई मंत्रियों, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और राष्ट्रीय महामंत्री विप्लब देव के पहुंचने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 15 से अधिक मेयर और चेयरमैन, विपक्ष के प्रमुख नेताओं और कई संतों को भी आमंत्रित किया गया है. स्वामी राघवानंद और संपूर्णानंद सहित कई संतों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है. हालांकि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विदेश में होने के कारण इस समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे.
10 साल तक पायलट रहे योगेश बैरागी, पिता के सपने के लिए छोड़ी नौकरी
इस पूरे आयोजन से कैप्टन योगेश बैरागी भी जुड़े हुए हैं, जिनका सफर काफी दिलचस्प रहा है. योगेश करीब 10 साल तक पायलट के तौर पर काम कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 6 हजार से ज्यादा फ्लाइंग घंटे पूरे किए थे. लेकिन पिता नरेंद्र बैरागी की राजनीतिक इच्छा को पूरा करने के लिए उन्होंने साल 2023 में पायलट की नौकरी छोड़ दी और राजनीति में कदम रख दिया. साल 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें जुलाना सीट से उम्मीदवार बनाया था. यहां उनका मुकाबला अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट से हुआ. चुनाव में योगेश ने उन्हें कड़ी टक्कर दी, लेकिन करीब 5 हजार वोटों के अंतर से हार गए. फिलहाल वह हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन हैं.
तीन बेटों के परिवार में 60 साल बाद आई बेटी
नरेंद्र बैरागी के परिवार में तीन बेटे हैं. योगेश सबसे छोटे हैं. उनके बड़े भाई अरुण पिता के साथ रियल एस्टेट का कारोबार संभालते हैं, जबकि दूसरे भाई डॉक्टर हैं. परिवार में लंबे समय से बेटी का जन्म नहीं हुआ था. ऐसे में राधा का आना सभी के लिए बेहद खास बन गया.













