Haryana Weather Alert: हरियाणा में आज छाया घना कोहरा, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, नए साल पर बढ़ेगी ठंड

On: December 30, 2025 7:13 AM
Follow Us:
Haryana Weather Alert

Haryana Weather Alert: हरियाणा में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए अगले 48 घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। वहीं पानीपत समेत कई इलाकों में मंगलवार सुबह धुंध देखी गई।

बाकी जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अलावा शेष हरियाणा में यलो अलर्ट लागू रहेगा। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जबकि सुबह और रात के समय वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Haryana weather alert
31 दिसंबर को सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

IMD के मुताबिक 31 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश होगी, जिसका असर मैदानी क्षेत्रों पर भी पड़ेगा। नए साल के आसपास प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

नए साल के जश्न के बीच बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी। नमी बढ़ने से सुबह के समय एक बार फिर धुंध छाए रहने की संभावना है।

तापमान का हाल

सोमवार को हरियाणा में हिसार प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। वहीं सिरसा और भिवानी में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

एक्सपर्ट ने बताया आगे का मौसम

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 2 जनवरी तक परिवर्तनशील बना रहेगा।
30 दिसंबर को शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि 31 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद कोहरा और ठंड एक बार फिर तेज हो सकती है।

आने वाले 3 दिनों का मौसम पूर्वानुमान

31 दिसंबर: पश्चिमी हरियाणा (सिरसा, फतेहाबाद) से बारिश की शुरुआत, कोहरे में थोड़ी कमी
1 जनवरी: नए साल के दिन हल्की बारिश और बादलवाई, विजिबिलिटी में सुधार
2 जनवरी: बारिश थमने के बाद फिर से कोहरा और शीतलहर की वापसी

स्कूलों में छुट्टियां पहले से घोषित
ठंड और कोहरे को देखते हुए हरियाणा सरकार ने पहले ही प्रदेश के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 1 से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now