Haryana Weather Update: हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। रात और दिन दोनों समय तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग चंडीगढ़ (IMD) के अनुसार, सोमवार को भी प्रदेश में ठंडी हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी, जबकि कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी हुई है।
महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा, करनाल-कैथल में दिन भी सर्द
रात के समय महेंद्रगढ़ जिला सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
वहीं दिन के समय करनाल और कैथल जिले सबसे ठंडे रहे, जहां अधिकतम तापमान केवल 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कैथल में स्थिति यह रही कि दिन का तापमान रात के तापमान से महज 1.8 डिग्री ज्यादा रहा। रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम दर्ज किया गया।
खेतों में जमने लगा पाला, किसानों की चिंता बढ़ी
लगातार गिरते तापमान की वजह से महेंद्रगढ़, नारनौल समेत कई जिलों में खेतों में पाला जमने लगा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान और गिरने पर फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। खासकर सरसों, सब्जियों और आलू की फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी जिलों में गहरा कोहरा छा सकता है।
इनमें शामिल हैं—
अंबाला
करनाल
कैथल
कुरुक्षेत्र
इसके अलावा हिसार और सिरसा में भी घने कोहरे की संभावना है। अन्य जिलों में भी हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है।
रविवार को रहा कोल्ड-डे
रविवार को पूरे हरियाणा में कोल्ड-डे की स्थिति रही। किसी भी जिले में दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस को पार नहीं कर सका।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान पलवल में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य सभी जिलों में तापमान इससे नीचे रहा। पूरे दिन लोगों को तेज सर्दी का एहसास होता रहा।












