Haryana Weather Alert: हरियाणा में मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, 3 पश्चिमी विक्षोभ से इस दिन से लगातार बारिश

On: January 20, 2026 8:20 AM
Follow Us:
Haryana Weather Alert: हरियाणा में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, किसानों के लिए एडवाइजरीHaryana Weather Alert: हरियाणा में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, किसानों के लिए एडवाइजरी

Haryana Weather Alert: हरियाणा में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है और मौसम विभाग ने 21 जनवरी तक प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इस बीच 22 जनवरी से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार आज और कल हरियाणा में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने की संभावना है, जिससे लोगों को दिन में सर्दी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और शाम ठंड का असर बरकरार रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। 21 जनवरी की रात से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से 22 से 24 जनवरी 2026 के बीच हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का असर और बढ़ सकता है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 जनवरी को छिटपुट स्थानों पर जबकि 23 और 24 जनवरी को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे किसानों की फसलों और आम जनजीवन पर भी असर पड़ सकता है। बारिश के बाद सुबह और रात के समय धुंध और कोहरा दोबारा गहराने की संभावना भी जताई जा रही है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम 25 जनवरी तक परिवर्तनशील बना रह सकता है। लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 20 और 21 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहने और उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

उन्होंने आगे बताया कि 22 से 24 जनवरी के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 24 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 25 जनवरी से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश के आसार बन रहे हैं। इस दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव रहेगा, रात का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह और देर रात के समय कुछ स्थानों पर धुंध भी छाई रह सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें और मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now