हरियाणवी गायक दिलेर पर फायरिंग करने वाले ‘बूढ़ा’ का एनकाउंटर, रेंज रोवर पर की थी अंधाधुंध फायरिंग

On: October 5, 2026 6:24 AM
Follow Us:

daler

Haryana News: हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की कार पर गोलीबारी करने वाले वॉन्टेड अपराधी रोहित उर्फ बूढ़ा के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। STF सोनीपत और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बरोटा-छतेहरा क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। गिरफ्तारी के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुंडली क्षेत्र में होने की मिली सूचना

STF सोनीपत के इंस्पेक्टर अजय ढांकर ने बताया कि शनिवार रात आरोपी के कुंडली क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद STF सोनीपत और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से बरोटा-छतेहरा क्षेत्र में अभियान चलाया।

पुलिस पर चलाईं गोलियां

पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही रोहित ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। मौके से एक मोटरसाइकिल और पिस्तौल बरामद की गई है।

खरकिया की कार पर गोलीबारी

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात भिवानी जिले के खरक कलां गांव में हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग हुई थी। बाइक सवार एक युवक ने वाहन पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये किसी व्यक्ति ने अनिल पंडित के नाम से इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था। जांच के दौरान इस मामले में रोहित उर्फ बूढ़ा का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, रोहित उर्फ बूढ़ा राय क्षेत्र के लाडपुर गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और हत्या समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि कर रही है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now