Haryana News: हरियाणा में पानीपत जिले के समालखा में खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार कृष्णा कॉलोनी निवासी राजवीर और उसके बेटे राहुल निजी कारों पर फर्जी सरकारी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली थी सूचना
थाना इंचार्ज महिपाल ने बताया कि हतवाला रोड पर ट्रैफिक पुलिस का नाका लगा हुआ था। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपनी निजी गाड़ी पर सरकारी नंबर प्लेट लगाकर तथा सायरन बजाते हुए लोगों पर धौंस जमाकर घूम रहा है।
मेल नहीं खाए पंजीकरण नंबर
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एसएफसी होटल के पीछे खड़ी एक सफेद अर्टिगा और एक सियाज कार की जांच की। पुलिस के मुताबिक अर्टिगा नंबर HR-06-GV-7574 और सियाज नंबर HR-60-J-4229 की चालान मशीन से जांच करने पर नंबरों का रिकॉर्ड वाहनों से मेल नहीं खाया। दोनों कारों पर लाल प्लास्टिक की प्लेट पर पीले अक्षरों में ‘Government of India’, ‘PBS Ministry’ तथा हरियाणा सरकार से संबंधित शब्द लिखे हुए थे। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया कि वाहनों के वास्तविक पंजीकरण नंबर अलग थे और दोनों कारें अन्य व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत थीं।
दोनों वाहन हुए जब्त
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 338 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने अर्टिगा का इस्तेमाल करने वाले राजवीर और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है।












