Ground Report: दिल्ली जाना अब 10-15 मिनट का सफर, एक्सप्रेसवे ट्रायल पर खुला लेकिन एक तरफ रास्ता बंद.. आखिर चालू करने के बाद क्यों रोक दी गई आवाजाही, जानिए पूरी कहानी

On: August 23, 2026 9:23 AM
Follow Us:

फरीदाबाद: फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. दिल्ली-मुंबई वडोदरा एक्सप्रेसवे के मीठापुर से महारानी बाग तक करीब 9 किलोमीटर लंबे हिस्से को ट्रायल बेस पर खोल दिया गया है. हालांकि अभी इस पूरे रास्ते को दोनों तरफ से शुरू नहीं किया गया है. शुक्रवार शाम को कुछ समय के लिए दोनों तरफ रास्ता खोला गया था, लेकिन करीब एक घंटे बाद फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाली साइड को फिर बंद कर दिया गया. इसके बाद से सिर्फ एक तरफ का रास्ता चालू है.

बंद रास्ते पर रॉन्ग साइड जाने की कोशिश कर रहे लोग

ऐसे में कई लोग खबर देखकर दोनों तरफ रास्ता खुला समझकर पहुंच रहे हैं और बंद रास्ते से जाने की कोशिश कर रहे हैं. ट्रैफिक स्टाफ लोगों को रोक रहा है और रॉन्ग साइड जाने से मना कर रहा है. बताया जा रहा है कि दूसरी तरफ का रास्ता शुरू होने में अभी दो से पांच दिन का समय लग सकता है.

दिल्ली-फरीदाबाद सफर 40 मिनट से घटकर 10-15 मिनट होने की उम्मीद

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने फरीदाबाद को एक नई लाइफलाइन दी है. इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से फरीदाबाद और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी. अभी इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है और दोनों तरफ से रास्ता शुरू होने के बाद लोगों को काफी राहत मिलेगी. फरीदाबाद से महारानी बाग पहुंचने में पहले करीब 40 मिनट का समय लगता था, लेकिन पूरी तरह रास्ता शुरू होने के बाद यह सफर करीब 10 से 15 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है. इससे रोज दिल्ली आने-जाने वाले हजारों लोगों का समय बचेगा और कालिंदी कुंज समेत कई जगहों पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी.

ट्रैफिक स्टाफ ने बताया- रॉन्ग साइड से हादसे का खतरा

Local18 से बातचीत में अंकित बताते हैं कि मैं यहां ट्रैफिक को देख रहा हूं. अभी एक्सप्रेसवे की एक साइड ही चालू हुई है और दूसरी साइड बंद है. इसके बावजूद कई लोग बंद रास्ते पर रॉन्ग साइड से जाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में एक्सीडेंट का खतरा बढ़ गया है. हम लोगों को लगातार रोक रहे हैं और समझा रहे हैं कि रॉन्ग साइड से न जाएं. शुक्रवार रात को दूसरी तरफ भी रास्ता खोला गया था, लेकिन कुछ दिक्कत आने के बाद उसे फिर बंद कर दिया गया. लोगों को यह जानकारी नहीं है और वह खबर देखकर सीधे यहां पहुंच रहे हैं. अभी दूसरी तरफ का रास्ता खुलने में दो से चार दिन का समय लग सकता है.

अभी सिर्फ काले खां से फरीदाबाद की तरफ आने वाला रास्ता चालू

शंकर प्रसाद बताते हैं कि मैं भी यहां ट्रैफिक देख रहा हूं. जो रास्ता अभी चालू नहीं हुआ है, वहां लोग जल्दी जाने के चक्कर में रॉन्ग साइड का इस्तेमाल कर रहे हैं. हम उन्हें रोक रहे हैं ताकि कोई हादसा न हो. अभी सिर्फ काले खां से फरीदाबाद की तरफ आने वाला रास्ता चालू किया गया है. फरीदाबाद से सराय काले खां की तरफ जाने वाला रास्ता अभी बंद है. यह करीब 9 किलोमीटर का हिस्सा है. जब दोनों तरफ से रास्ता शुरू हो जाएगा तो लोगों को जाम में नहीं फंसना पड़ेगा और समय की काफी बचत होगी. दूसरी साइड शुरू होने में कम से कम चार से पांच दिन लग सकते हैं.

यात्रियों ने कहा- कालिंदी कुंज के जाम से मिली राहत

पंकज गोयल बताते हैं कि मैं खाटू श्याम जा रहा हूं. पहले मैं कालिंदी कुंज होते हुए जाते थे. वहां कई बार आधा घंटा से 45 मिनट तक जाम में फंसना पड़ता था. अब एक्सप्रेसवे की एक तरफ की साइड शुरू होने से सफर काफी आसान हो गया है. मुझे आज इस रास्ते से आने में पहले के मुकाबले काफी समय बच रहा है. लोगों के लिए यह रास्ता शुरू होना बड़ी राहत है. हालांकि अभी दूसरी तरफ का रास्ता बंद होने की वजह से लोगों को परेशानी भी हो रही है.

दिल्ली से फरीदाबाद पहुंचने में लगा सिर्फ 5 मिनट

दीपक अग्रवाल बताते हैं कि मैं भी पंकज के साथ खाटू श्याम जा रहा हूं. दिल्ली से फरीदाबाद पहुंचने में मुझे करीब 5 मिनट का समय लगा. पहले इसी रास्ते से आने में आधे घंटे से ज्यादा समय लग जाता था. लेकिन अभी वह लोग रॉन्ग साइड से जाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे एक्सीडेंट का खतरा बना हुआ है. लोग खुद की जान तो खतरे में डाल ही रहे हैं, साथ ही दूसरे लोगों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं. दूसरी साइड शुरू होने के बाद यह रास्ता और आसान हो जाएगा.

10 से 15 मिनट में फरीदाबाद पहुंचने का दावा

विक्रम दुबे बताते हैं कि मैं दिल्ली का रहने वाला हूं. अभी एक्सप्रेसवे की सिर्फ एक तरफ की साइड चालू हुई है. मुझे दिल्ली से फरीदाबाद पहुंचने में आज करीब 10 से 15 मिनट का समय लगा. पहले जाम की वजह से काफी ज्यादा समय लग जाता था. अगर दूसरी तरफ का रास्ता भी तीन से चार दिन में शुरू हो जाता है तो दिल्ली और फरीदाबाद के बीच सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अभी मैं देहरादून जा रहा हूं और मुझे उम्मीद है कि आगे के सफर में जाम में समय बर्बाद नहीं होगा.

दोनों तरफ रास्ता शुरू होने के बाद मिलेगी पूरी राहत

फिलहाल लोगों को यह समझना जरूरी है कि दिल्ली-मुंबई वडोदरा एक्सप्रेसवे का यह हिस्सा पूरी तरह से दोनों तरफ से शुरू नहीं हुआ है. अभी सिर्फ एक तरफ का रास्ता ट्रायल के तौर पर चालू है. दूसरी तरफ के रास्ते पर काम और जरूरी जांच पूरी होने के बाद इसे शुरू किया जाएगा.

ट्रैफिक स्टाफ की अपील- बंद रास्ते पर न जाएं

ट्रैफिक स्टाफ लगातार मौके पर तैनात है और लोगों को रॉन्ग साइड जाने से रोक रहा है. इसलिए खबर देखकर दोनों तरफ रास्ता खुला समझकर पहुंचने वाले लोग फिलहाल सावधानी बरतें और बंद रास्ते पर जाने की कोशिश न करें. दोनों तरफ रास्ता शुरू होने के बाद फरीदाबाद और दिल्ली के बीच सफर पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज होने की उम्मीद है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now