हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी 48 विधायकों के साथ दिल्ली पहुंचे, PM मोदी के साथ होगी अहम बैठक | Haryana

On: October 4, 2026 12:02 AM
Follow Us:

Nayab Singh Saini, PM Modi, Haryana BJP, Haryana Politics, BJP MLAs, Delhi Meeting, नायब सिंह सैनी, पीएम मोदी, हरियाणा बीजेपी
हरियाणा के सीएम नायब सैनी 48 विधायकों के साथ पीएम मोदी से मिलने जा रहे हैं।

Haryana BJP MLAs Meet PM Modi in Delhi: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को राज्य के सभी 48 बीजेपी विधायकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंचे। हरियाणा भवन से मुख्यमंत्री और विधायक एक साथ बस में सवार होकर प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास की ओर रवाना हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री सैनी और सभी 48 बीजेपी विधायक प्रधानमंत्री आवास पहुंच गए। 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में बीजेपी के 48 विधायक हैं। प्रधानमंत्री मोदी के साथ सभी बीजेपी विधायकों की यह बैठक पार्टी के हालिया संगठनात्मक बदलावों के बाद पहली बड़ी सामूहिक बैठक बताई जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री सैनी के अलावा प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष अर्चना गुप्ता और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं।

लंच के बाद रवाना हुए विधायक

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सभी बीजेपी विधायक दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में जुटे। यहां मुख्यमंत्री के साथ लंच का कार्यक्रम रखा गया था। इसके बाद पूरा विधायक दल एक साथ प्रधानमंत्री आवास के लिए रवाना हुआ। इस सामूहिक रवानी की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री सैनी और भाजपा विधायक बस से प्रधानमंत्री आवास की ओर जाते दिखाई दिए।

PM मोदी के साथ अहम बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक करीब दो घंटे की निर्धारित है। बैठक प्रधानमंत्री के नई दिल्ली स्थित आवास पर हो रही है। हालांकि बैठक का विस्तृत औपचारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। पार्टी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि प्रधानमंत्री विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और जनता की प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी ले सकते हैं। सरकार की ओर से किए गए वादों और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा होने की बात कही गई है।

राजनीतिक हालात पर चर्चा संभव

बैठक ऐसे समय हो रही है, जब हरियाणा बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में हाल में बदलाव हुए हैं। स्मृति ईरानी को हरियाणा का पार्टी प्रभारी बनाया गया है, जबकि अर्चना गुप्ता प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। बैठक में स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी भोला सिंह के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा हरियाणा में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर राजनीतिक विवाद भी चल रहा है। इसे बैठक के संभावित चर्चा विषयों में शामिल किया गया है। हालांकि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने इस बैठक को SIR विवाद से अलग बताया था।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें