Arms Network Busted in Gurugram: गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी निर्मित पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी रंगदारी के लिए रेकी कर रहे थे और अपने साथियों के निर्देश पर दिल्ली में किसी वारदात को अंजाम देकर भय का माहौल पैदा करने की योजना बना रहे थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय उर्फ मौलड़ (20), जतिन उर्फ जोनी (29) और सागर के रूप में हुई है। अभय और सागर गुरुग्राम के खेड़ा झांझरोला गांव के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि जतिन सोनीपत का निवासी है। क्राइम ब्रांच फरुखनगर की टीम ने अभय को गढ़ी फ्लाईओवर, न्यू पटौदी-गुरुग्राम रोड के पास से पकड़ा। जतिन की गिरफ्तारी फरुखनगर से की गई, जबकि सागर को केएमपी, फरुखनगर इलाके से काबू किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो विदेशी निर्मित PX पिस्टल, जिन्हें पुलिस ने चीन निर्मित बताया है और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में गुरुग्राम के सेक्टर-10 थाने में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस की पूछताछ के अनुसार अभय को हथियार जतिन ने उपलब्ध कराए थे। पुलिस का कहना है कि जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों से मिले थे। अब जांच एजेंसियां हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
कार्रवाई के दौरान सागर ने पुलिस से बचने की कोशिश में फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। इस घटना में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस के मुताबिक उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डिस्चार्ज होने के बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने कुछ अन्य साथियों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर रंगदारी के लिए रेकी कर रहे थे। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि आरोपियों के संपर्क विदेश में बैठे साथियों से थे। इस कनेक्शन और आपराधिक नेटवर्क की जांच अभी जारी है।













