Haryana News: हरियाणा के सिरसा जिले में रानियां थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह एडिशनल एसएचओ एवं एसआई मल सिंह को थाना का कार्यभार सौंपा गया है। फिलहाल स्थायी थाना प्रभारी की नियुक्ति को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं। यह कार्रवाई सोमवार को सिरसा पुलिस अधीक्षक की ओर से की गई।
नशे से युवक की मौत मामले से जुड़ी बताई जा रही कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई रानियां क्षेत्र के संत नगर में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले से जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि युवक की मौत कथित रूप से नशे की ओवरडोज के कारण हुई थी।
मामले में मृतक के परिजनों द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय को शिकायत भेजी गई थी, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले का संज्ञान लिया गया और कार्रवाई की गई।
परिजनों ने नहीं दी थी तत्काल सूचना
जानकारी के अनुसार युवक की मौत के समय परिजनों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी और न ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। बाद में जब परिजनों ने युवक की मौत को नशे से जुड़ा बताया और इस संबंध में चर्चा सामने आई, तो मामला उच्च स्तर तक पहुंच गया।
पुलिस का पक्ष भी आया सामने
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय मृतक के परिवार की ओर से कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई थी। यदि पुलिस को समय रहते जानकारी मिलती तो नियमानुसार कार्रवाई की जाती।
हालांकि मामले को लेकर उठे सवालों और शिकायत के बाद रानियां थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।











