Haryana Weather : हरियाणा में आज मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। जिसके चलते हरियाणा में मानसूनी बारिश शुरू हो गई है। आज गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, करनाल, फतेहाबाद में बारिश हुई। दिल्ली-चंडीगढ़ के आसपास भी देर रात से बूंदाबांदी हो रही है। इसके साथ ही पानीपत में भी झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले 48 घंटों में मानसून प्रदेश में पूरी तरह से दस्तक देगा। विभाग ने 7 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पंचकूला और चंडीगढ़ के आस-पास के इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सोमवार को हिमाचल से प्रदेश में मानसून की एंट्री हुई थी। जिससे पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में तेज बारिश हुई।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
विभाग ने उत्तर और पूर्वी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र के क्षेत्रों के अधिकांश स्थानों पर 75-100% तक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अनेक स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की उम्मीद है।
वहीं सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में बादलवाई व छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।













