हिसार. हरियाणा के हिसार में महिला टीचर सोनिया के हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी पति को पलिस ने गिरफ्तार कलिया है. चार महीने से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस ने आरोपी पति सौरभ पर ईनाम भी रखा था.
जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते महिला की हत्या की गई थी. केस में नामदज आरोपी पति पर 50,000 रुपये के इनाम रखा गया था. आरोपी अपनी पहचान छिपाकर रेवाड़ी, चंडीगढ़, अमृतसर, दिल्ली, उज्जैन, हरिद्वार, मथुरा, अयोध्या सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा था.
एएसपी मयक मुदगिल ने बताया कि डीएसपी क्राइम व डीएसपी अग्रोहा के नेतृत्व में गठित विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 7 विशेष टीमों का गठन किया गया था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
शिकायतकर्ता सौरभ पुत्र हरीश कुमार निवासी संत नगर, हिसार ने थाना सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन सोनिया की वर्ष 2016 में सौरभ आनंद पुत्र तुलसीदास निवासी सेक्टर-13, हिसार के साथ शादी हुई थी. शिकायत के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी पति द्वारा सोनिया को घरेलू कलह के चलते परेशान किया जाता था. परिवार ने कई बार दोनों के बीच समझौता करवाने का प्रयास किया. सोनिया (36) संत नगर की रहने वाली थी. करीब 8 साल पहले उसकी शादी सेक्टर-13 निवासी सौरभ से हुई थी. दंपति की एक 6 साल की बेटी भी है. सोनिया एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थी. जबकि उसका पति टूर एंड ट्रैवल का काम करता था.
शिकायत के अनुसार करीब तीन माह पहले भी आरोपी ने सोनिया का गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया था. 30 अप्रैल 2026 को आरोपी के घर से चले जाने पर सोनिया ने थाना सिविल लाइन में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी. उसी दिन शाम को आरोपी वापस घर आ गया था. 1 मई 2026 को शिकायतकर्ता अपनी बहन के घर पहुंचा तो उसकी बहन सोनिया घर के अंदर मृत अवस्था में मिली. मौके पर खून से सनी प्रेस पड़ी हुई थी तथा शरीर पर चोट के निशान पाए गए. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घरेलू विवाद के चलते उसके जीजा सौरभ आनंद ने सोनिया की हत्या की है.
मृतका की पहचान सोनिया (36) के रूप में हुई है. जो संत नगर की रहने वाली थी.
भेष बदलकर धार्मिक स्थलों पर छिपता रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा. आरोपी ने रेवाड़ी, चंडीगढ़, अमृतसर, दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज साहिब व बंगला साहिब, उज्जैन, हरिद्वार, मथुरा, अयोध्या सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर अपनी पहचान छिपाकर और भेष बदलकर रहकर पुलिस से बचने का प्रयास किया. पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देती रहीं और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी गई.
कैमरा मैन की सतर्कता से आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
एएसपी मयंक मुदगिल ने बताया कि 26 अगस्त 2026 को आरोपी भेष बदलकर हिसार में एक चाय की दुकान पर बैठा हुआ था. इसी दौरान वहां पहुंचे एक कैमरा मैन ने आरोपी को पहचान लिया. कैमरा मैन पहले आरोपी के संपर्क में रहा था, इसलिए उसने आरोपी को उसके नाम से बुलाया. आरोपी पहचान उजागर होने पर वहां से मॉडल टाउन की तरफ भागने लगा. कैमरा मैन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी PSI कर्मजीत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू कर लिया.
पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा. रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी.एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी सूरत में कानून के शिकंजे से बचने नहीं देगी. अपराध के बाद पहचान छिपाकर अथवा स्थान बदलकर फरारी काट रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं.










