Haryana Breaking News, (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़: हरियाणा के यमुनानगर में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एलपीजी सिलेंडर में जोरदार धमाके से पूरा घर दहल उठा और घटना में चार बच्चों व दो महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार सभी की हालत गंभीर है। वे काफी ज्यादा झुलस गए हैं। जिस में घर सिलेंडर फटा उसमें प्रवासी मजदूर परिवार रहते थे। वहां 17 क्वार्टर बने थे और एक क्वार्टर में करीब 5 सदस्य रह रहे थे।
गर्भवती महिला की हालत भी चिंताजनक
घायलों में एक गर्भवती महिला की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय सुबह करीब 8 बजे महिलाएं बाहर खाना बना रही थीं और क्वार्टर के अंदर बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान गैस लीक होने से अचानक अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। वहां मौजूद बच्चे और महिलाएं सभी इसकी चपेट में आ गए और चीख-पुकार मच गई।
घर की दीवारें ढहीं, लेंटर तक में दरारें आ गईं
धमाका इतना जोरदार था कि घर की दीवारें ढह गईं और लेंटर तक में दरारें आ गईं। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को पहले सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।
थोड़ी देर पहले फैक्ट्री निकल गए थे कुछ लोग
जानकारी के मुताबिक जिस कमरे में ब्लास्ट हुआ, वहां पहले से दो भरे हुए सिलेंडर भी रखे थे, गनीमत यह रही कि ये सिलेंडर आग लगने से बच गए। यदि वे भी फट जाते, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले ही घर में मौजूद अन्य लोग फैक्ट्री के लिए निकल गए थे, जिससे वे इस हादसे का शिकार होने से बच गए।
ये भी पढ़ें : Haryana News: अंबाला के बलदेव नगर में खाली टैंकर में धमाका, एक व्यक्ति की मौत














