Last Updated:
Ambala News: हरियाणा में रोजाना कॉलेज और शिक्षण संस्थानों का रुख करने वाले लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने हरियाणा रोडवेज की आधुनिक इलेक्ट्रिक एसी बसों में भी छात्र बस पास की सुविधा को औपचारिक रूप से लागू कर दिया है. अब वैध स्टूडेंट पास धारक बिना कोई अतिरिक्त किराया चुकाए ई-बसों में सुगम और आरामदायक यात्रा कर सकेंगे.
Ambala News: हरियाणा के लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है, अब पढ़ाई के लिए रोजाना सफर करने वाले छात्रों को इलेक्ट्रिक एसी बसों में भी छात्र बस पास की सुविधा मिलेगी. यानी जिन विद्यार्थियों के पास वैध रोडवेज छात्र बस पास है, वे अब हरियाणा रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसों में भी बिना अतिरिक्त किराया दिए यात्रा कर सकेंगे. बता दें कि बस पास के जरिए विद्यार्थी एक दिन में अधिकतम 150 किलोमीटर तक सफर कर पाएंगे और सरकार के इस फैसले से खासतौर पर ग्रामीण इलाकों से शहरों के कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगी आर्थिक राहत
बता दें कि अंबाला जिले में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आसपास के गांवों और कस्बों से रोजाना शहरों में पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं. कई छात्रों को कॉलेज या अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने के लिए रोजाना लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, ऐसे में किराये पर होने वाला खर्च उनके परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डालता है. अब इलेक्ट्रिक बसों में छात्र पास मान्य होने से इन विद्यार्थियों को यात्रा खर्च में राहत मिलेगी. वहीं मिली जानकारी अनुसार 150 किलोमीटर की दैनिक यात्रा सीमा विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है. इसका फायदा अंबाला के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से पढ़ाई के लिए आने-जाने वाले छात्रों को भी मिल सकेगा. खासकर उन विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा अहम है, जो रोजाना सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं.
सीएम की घोषणा के बाद विभाग ने लागू किया नियम
वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 28 मई को पानीपत में विद्यार्थियों के बस पास को इलेक्ट्रिक बसों में लागू करने की घोषणा की थी. अब विभाग की ओर से इस फैसले को लागू कर दिया गया है. ई-बसों का संचालन लगातार बढ़ने के बीच छात्रों को भी इस सुविधा से जोड़ने का निर्णय लिया गया है. पहले इलेक्ट्रिक एसी बसों में किसी भी तरह का बस पास मान्य नहीं था. ऐसे में छात्र चाहते थे कि सामान्य रोडवेज बसों की तरह इलेक्ट्रिक बसों में भी उनके फ्री पास की सुविधा मिले. अब उनकी यह मांग पूरी हो गई है.
छात्रों में खुशी का माहौल, खत्म हुआ लंबा इंतजार
इस फैसले के बाद से ही छात्रों में काफी खुशी है और उनका कहना है कि वह सामान्य बसों के मुकाबले अब एसी बसों में भी निशुल्क सफर कर पाएंगे. उनका कहना है कि पहले वह सामान्य बसों में ही जा पाते थे और कई बार इलेक्ट्रिक बसें सामने से गुजरने के बाद भी उसमें सफर पास के जरिए नहीं किया जा सकता था.
अंबाला कैंट बस स्टैंड इंचार्ज ने दी जानकारी
वहीं इस बारे में जानकारी देते हुए अंबाला छावनी बस स्टैंड के स्टैंड इंचार्ज बहादुर सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए इलेक्ट्रिक बसों में बस पास लागू कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज की ओर से संचालित ई-बसों में वैध छात्र बस पास मान्य होगा और विद्यार्थी निशुल्क यात्रा कर सकेंगे. इस फैसले का एक बड़ा फायदा यह भी है कि छात्रों को केवल मुफ्त यात्रा ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक एसी बसों में आरामदायक सफर का विकल्प भी मिलेगा. ये बसें पूरी तरह एसी और ऑटोमैटिक हैं, जिससे सामान्य बसों की तुलना में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलती है.
प्रमुख रूटों पर विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
उन्होंने बताया कि अंबाला में ई-बसों का संचालन बढ़ने के साथ अब छात्रों को भी इन बसों से जोड़ने से रोजाना आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए सफर आसान और किफायती होने की उम्मीद है. खासकर दूरदराज के गांवों से शहरों में पढ़ने आने वाले छात्रों के लिए यह फैसला पढ़ाई के साथ-साथ उनके परिवारों के यात्रा खर्च को कम करने में भी मददगार साबित हो सकता है. उन्होंने बताया कि अंबाला में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कई प्रमुख रूटों पर किया जा रहा है. इनमें अंबाला सिटी से अंबाला कैंट, नारायणगढ़, बराड़ा, कालका और यमुनानगर सहित कई ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं. इन रूटों पर रोजाना विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और अन्य यात्री सफर करते हैं.
About the Author

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…
और पढ़ें











