Last Updated:
Panchkula Women Murder News : पंचकूला के पिंजौर में एक बुटीक संचालिका की गला काटकर हत्या का मामला सामने आया है. रौनक होटल के सामने वाली गली में बुटीक के बाहर महिला गंभीर हालत में मिली थी. उसके हाथ में एक डायरी भी थी. महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पंचकुला मर्डर केस.
पंचकूला : हरियाणा में पंचकूला के पिंजौर में बुटीक के अंदर महिला की हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान राजेंद्र कौर के रूप में हुई है. वह रतपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी और पिंजौर में अपना बुटीक चलाती थी. जानकारी के मुताबिक, महिला गंभीर रूप से घायल हालत में दुकान के बाहर गली में पड़ी मिली थी. उसके हाथ में एक डायरी थी. स्थानीय लोगों ने महिला को देखा तो राजू नाम के व्यक्ति को इसकी जानकारी दी. इसके बाद राजू ने एक बाइक सवार की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टर राजीव भारद्वाज के मुताबिक, महिला की हालत बेहद गंभीर थी. उसका गला पूरी तरह कटा हुआ था और वह ठीक से होश में भी नहीं थी. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. महिला के शव को कालका अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है.
CCTV में दिखा संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. CCTV फुटेज में एक व्यक्ति बुटीक के अंदर जाता हुआ दिखाई दे रहा है. कुछ देर बाद वही व्यक्ति दुकान से बाहर निकलता है और शटर बंद करता नजर आता है. इसके बाद घायल राजेंद्र कौर खुद दुकान का शटर खोलकर बाहर आती दिखाई दे रही है. फुटेज में वह गंभीर हालत में गली में तड़पती हुई भी नजर आ रही है.
डायरी में लिखी बात से मचा हड़कंप
मामले में सबसे अहम सुराग महिला के पास मिली डायरी को माना जा रहा है. डायरी में कथित तौर पर महिला ने लिखा कि मुझे मारने वाला मेरा पति है, प्लीज हेल्प. इसके साथ ही उसने अपनी सास, दो ननदों प्रीति और नीतू और देवर का भी जिक्र किया है. बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था. फिलहाल पुलिस डायरी में लिखी बातों, CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है. हालांकि, महिला की हत्या किसने की और हत्या के पीछे असली वजह क्या थी, इसका पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें











