Last Updated:
Sonipat News: सोनीपत पुलिस में बतौर हेड कांस्टेबल तैनात धर्मवीर के बेटे विष्णु ने हरियाणा सिविल सेवा HCS की परीक्षा में 41वां रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ाई की और परिवार के पूरे सपोर्ट से इस कठिन परीक्षा को पास किया है. विष्णु की सफलता से पूरे गांव में खुशी की लहर है.
सोनीपत: कहते हैं कि अगर शिद्दत से मेहनत की जाए तो एक ना एक दिन सफलता जरूर मिलती है. कुछ ऐसी ही कहानी है हरियाणा के सोनीपत निवासी विष्णु की. सोनीपत में पुलिस विभाग का मान बढ़ाने वाली एक खबर सामने आई है. सोनीपत पुलिस में बतौर हेड कांस्टेबल तैनात धर्मवीर के बेटे विष्णु ने हरियाणा सिविल सेवा HCS की परीक्षा में 41वां रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है.
विष्णु के घर पहुंचने पर परिवार और रिश्तेदारों ने फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर इस बड़ी सफलता का जश्न मनाया. अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार के सहयोग को देते हुए विष्णु ने बताया कि उन्होंने रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ाई की और परिवार के पूरे सपोर्ट से इस कठिन परीक्षा को पास किया है. विष्णु की सफलता से पूरे गांव में खुशी की लहर है.
जनता की सेवा करना है सपना
विष्णु ने अपनी यह सफलता अपने परिवार को समर्पित की है. उन्होंने बताया कि उन्होंने बचपन से अपने पिता को पुलिस में रहकर जनता की सेवा करते हुए देखा था, जिससे उन्हें समाज सेवा की प्रेरणा मिली. पिता से मिली इसी प्रेरणा के बाद उन्होंने कड़ी मेहनत शुरू की और आज यह मुकाम हासिल किया. उनका मुख्य उद्देश्य अब प्रशासनिक सेवा में रहकर जनता की पूरी निष्ठा के साथ सेवा करना है.
पिता ने कहा- ‘बेटे की मेहनत लाई रंग’
बेटे की इस सफलता पर गदगद पिता धर्मवीर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके बेटे ने दिन-रात कड़ी मेहनत की थी और आखिरकार उसकी मेहनत रंग लाई है. परिवार में खुशी का माहौल है और हर कोई विष्णु की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है. वहीं धर्मवीर के बेटे विष्णु की इस सफलता से परिवार के साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है.










