Last Updated:
Gurugram Murder Case: गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र के गांव दोहला में 34 वर्षीय महिला की घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई है. महिला के हाथ-पैर और मुंह पर टेप बांधा हुआ था. स्कूल से बच्चों के साथ घर लौटे पति ने जब पत्नी को बेसुध हालत में देखा. बताया जा रहा है कि लूटेरे वारदात को अंजाम देकर गहने लूटकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही सोहना सदर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
घर में घुसकर महिला की हत्या.
हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव दोहला से एक दिल दहला देने वाली घटना आई है. घर में घुसे अज्ञात बदमाशों ने 34 वर्षीय एक महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर फरार हो गए. मृतका की पहचान नीतू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ दोहला गांव में रहती थीं. इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
दरअसल, मृतका के पति प्रशांत गढ़ी बाजिदपुर स्थित एक स्कूल में शिक्षक हैं. दोपहर के समय अपने बच्चों को स्कूल से लेकर घर पहुंचे, तो घर का मेन दरवाजा खुला हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था. जब उन्होंने अंदर जाकर अपनी पत्नी नीतू को आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला. घर के अलग-अलग हिस्सों में तलाश करने पर नीतू बाथरूम के पास बेसुध हालत में पड़ी मिली. उनके हाथ पीछे की तरफ, पैर और पूरे मुंह पर कसकर टेप बंधी हुई थी.
गहने गायब और घर का सामान बिखरा मिला
पति प्रशांत ने तुरंत पड़ोसियों की मदद से बेहोश और गंभीर हालत में नीतू को सोहना के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार, महिला ने जो गहने पहने हुए थे वे शरीर से गायब मिले हैं और घर का सामान भी बुरी तरह बिखरा हुआ था. शुरुआती जांच में मामला लूटपाट के दौरान विरोध करने पर हत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना को किसने और किस मकसद से अंजाम दिया है.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही है मामलों की छानबीन
घटना की सूचना मिलते ही सोहना सदर थाना पुलिस, एसीपी मुकेश यादव और थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. घटनास्थल पर ‘सीन ऑफ क्राइम’ और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के स्पष्ट कारणों और हत्या की असली वजह का खुलासा हो सकेगा.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …








